रायपुर। 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अब कुछ ही घंटो में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस शुभ अवसर पर पूरा देश भगवामय हो गया है। वहीं श्री राम जन्मभूमि अयोध्या नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। आज देशभर में दिवाली जैसा माहौल है। श्री राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड का नाम बदल दिया गया है। 

बता दें कि, रायपुर के वीआईपी रोड का नाम बदलकर अब इसका नाम श्री राम मंदिर मार्ग कर दिया गया है। इसके लिए संकेतक बोर्ड भी लगा दिया गया है। हालांकि, इसे विधिवत रूप से नगर निगम की एमआईसी सामान्य सभा में पारित कराना होगा।

वीआईपी रोड के नामकरण को लेकर हुई थी सियासत 
बता दें कि, कांग्रेस के शासनकाल में वीआईपी रोड का नाम राजीव गांधी मार्ग रखने का प्रस्ताव पारित हुआ था। उस समय निगम की सत्ता में विपक्ष की भूमिका निभा रहे भाजपा पार्षद दल ने इस प्रस्ताव का खुलकर विरोध किया और इसकी जगह इस मार्ग को श्रीराम मंदिर मार्ग करने का सुझाव सदन को दिया था। सदस्यों का यह कहना था कि, वीआईपी मार्ग में भगवान राम का बड़ा मंदिर है, जिसमें लोगों की आस्था जुड़ी है, इसलिए इस मार्ग का नाम श्रीराम मंदिर मार्ग होना चाहिए। 

सत्तापरिवर्तन के साथ ही फिर बदला मार्ग का नाम 
इस प्रस्ताव को खारिज करते हुए शहरी सरकार ने राजीव गांधी मार्ग के नामकरण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार आई। अब फिर से इस मार्ग का नाम बदलकर श्रीराम मंदिर मार्ग करने संकेतक बोर्ड लगा दिया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस पर निगम के गलियारों में राजनीति गरमाने के आसार हैं।