रायपुर- मकर संक्रांति के मौके पर सीएम विष्णु देव साय आज सबसे पहले पुरकौती मुक्तांगन पहुंचे, जहां वे पतंग उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए, इस दौरान उनके साथ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे। सीएम साय ने दीप प्रज्ज्वलित कार्यक्रम की शुरुआत की, पतंग उत्सव कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के अधिकारी और लोगों ने शामिल होकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। यहां पर 12 राज्यों के पतंगबाज उत्सव मनाने आए हुए थे।

सीएम ने प्रदेश वासियों को दी बधाई...

अहम बात यह है कि, लोगों को निशुल्क पतंग और चकरी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मकर संक्रांति के अवसर पर प्रदेश वासियों से कहा कि, मकर सक्रांति सूर्य की उपासना का पर्व है। आज से शुभ कार्य शुरू होंगे, अयोध्या में भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को है।  खुशी की बात यह है कि आज से प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव शुरू हो चुका है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन तक धार्मिक स्थल पर सफाई का काम किया जाएगा, जिसकी शुरूआत आज से कर दी गई है। इसके लिए आप सब भी अपने घरों में दिए जलाए और राम मय वातावरण बनाकर रखें, सीएम ने पतंग उड़ाकर सभी प्रदेश वासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी।

सफाई अभियान जारी रहेगा...

स्वच्छता अभियान को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, मकर संक्रांति की सभी को शुभकामनाएं। साथ ही कहा कि, 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी ने आव्हान किया है कि सभी मंदिर, तीर्थ और मठ में सफाई का काम करें। रायपुर में भी राम मंदिर में सफाई का काम किया गया है। 22 जनवरी को भव्य उत्सव रहेगा और सफाई अभियान भी जारी रहेगा...

विकास की शुरुआत

मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, आज से सभी शुभ कार्यों की शुरूआत होती है। सीएम साय के हाथों विकास की शुरुआत हो रही है। पूरे हिंदुस्तान के और हर जाति के लोग आज त्योहार मनाते हैं और पतंग उड़ाकर यह एहसास दिलाते हैं कि ऊंचाई तक जाना है।