बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देर रात सड़क हादसा हो गया। गन्ने से भरे ट्रैक्टर और स्कार्पियो में जोरदार भिड़ंत हो गया। इस हादसे में स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो पर छत्तीसगढ़ शासन लिखा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना बालोद के तरौद पेट्रोल पंप के पास की है। 

मिली जानकारी के अनुसार, देर रात स्कार्पियो चालक बालोद की तरफ अपने घर जा रहा था और ट्रैक्टर करकाभाठ शक्कर कारखाना गन्ना लेकर बेचने जा रहा था। इस दौरान तरौद पेट्रोल पंप के पास स्कार्पियो और ट्रैक्टर के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में स्कार्पियो चालक घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। इधर मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। 

चुनाव ड्यूटी के दौरान 45 दिन चली थी स्कार्पियो 
वहीं स्कार्पियो पर लिखे छत्तीसगढ़ शासन के सवाल पर पुलिस ने बताया कि, कुछ महीने पहले विधानसभा चुनाव में गुंडरदेही एसडीएम मनोज मरकाम के लिए गाड़ी लगाई गई थी, यह वही गाड़ी है। चुनाव के दौरान यह 45 दिन तक चली थी। गाड़ी का मालिक ग्राम सिवनी निवासी लीलसेकुमार सिन्हा है। वह कृषि उपज मंडी में काम करता है। चुनावी ड्यूटी पर लगे स्कार्पियो का काम खत्म होने के बाद भी वाहन मालिक ने गाड़ी में लिखा छत्तीसगढ़ शासन अब तक नहीं हटवाया था। यह तो लापरवाही का एक मामला है जो सामने आया है। 

दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो