Logo

कुलजोत सिंह संधु -फरसगांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को लेकर आज नामांकन की प्रक्रिया हुई। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 के कांग्रेस पार्टी के बागी प्रत्याशी हीरा सिंह मरकाम ने निर्वाचन की प्रक्रिया से पूर्व भाजपा में शमिल हो गए। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर भाजपा के रीता शोरी ने जीत दर्ज की है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर हीरा सिंह मरकाम ने जीत दर्ज की है। 

हीरा सिंह मरकाम के भाजपा में शामिल होने के कारण कांग्रेस पार्टी का समीकरण बिगड़ गया। क्योंकि कांग्रेस को उम्मीद थी कि, केशकाल विधानसभा विश्रामपुरी क्षेत्र के कांग्रेस के बागी प्रत्याशी रहे हीरा सिंह मरकाम कांग्रेस को समर्थन देंगे। जिससे 12 सीटों वाली जिला पंचायत में कांग्रेस और भाजपा का मुकाबला 6 - 6 से बराबर हो जाएगा, टॉस के माध्यम से जीत का फैसला होगा।  भाजपा ने कांग्रेस पार्टी के बागी प्रत्याशी हीरा सिंह मरकाम को अपने खेमे में शामिल कर लिया।  

भाजपा ने दोनों सीटों पर जमाया अपना कब्जा

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा को 7 वोट मिले है। वहीं कांग्रेस को 5 वोट मिले। भाजपा ने दोनों सीटो पर अपना कब्जा कर लिया है। बता दें कि, पिछले 10 वर्षों से जिला पंचायत पर कांग्रेस का कब्जा था, लेकिन भाजपा ने अपना दाव खेलकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद जीतकर जश्न मनाया है।