रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की न्याय यात्रा को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पश्चाताप यात्रा बताया है। श्री अग्रवाल ने कहा है कि, सरकार में आने पर कांग्रेस के 5 साल जो प्रदेश की जनता के साथ अन्याय किया, यह उसी की पश्चाताप यात्रा है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को माफ नहीं किया, इसीलिए घर बिठा दिया। उल्लेखनीय है कि, 27 सितंबर शुक्रवार से कांग्रेस ने गिरौदपुरी से छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा के नाम से पदयात्रा शुरू की है। यह यात्रा 2 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में समाप्त होगी।  

प्रदेश में कोई भी समाज सुरक्षित नहीं : लखमा

वहीं न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि, राज्य सरकार कानून व्यवस्था को संभाल नहीं पा रही है। पहले बलौदाबाजार में हिंसा का मामला सामने आया, अब कवर्धा में साहू समाज के तीन लोगों की हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में कोई भी समाज सुरक्षित नहीं है। अभी बलौदाबाजार से यात्रा निकाली है, आगे अन्य स्थानों से भी यात्रा निकलेगी। 

इसे भी पढ़ें...कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू : गिरौदपुरी से 125 किमी. पैदल चलकर 2 अक्टूबर को पहुंचेगी रायपुर 

यह यात्रा छत्तीसगढ़ में क्रांति लाएगी : बैज

वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा- छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा की आज शुरुआत हुई है। कार्यकर्ताओं में पहले पड़ाव में जबरदस्त उत्साह है। 6 दिन की यात्रा छत्तीसगढ़ के लिए क्रांति लाएगी। सरकार की नाकामी आम जनता तक यात्रा से पहुंचाएंगे। पदयात्रा पर बीजेपी नेताओं के बयानों पर श्री बैज ने कहा- कांग्रेस कार्यकाल में कभी झीरम जैसी घटना नहीं हुई। कभी कलेक्टर- एसपी के ऑफिस नहीं जले। छत्तीसगढ़ को अशांत करने का काम बीजेपी सरकार कर रही है। छत्तीसगढ़ को दूसरा मणिपुर बनाने का प्रयास हो रहा है। उनहोंने कहा कि, विपक्ष मजबूत है, सरकार की हर नाकामी जनता तक लेकर जाएगी।