Logo
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के दो पूर्व अध्यक्षों सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने पर पार्टी मंगलवार 22 अप्रैल को कई बड़े शहरों में प्रेस कान्फ्रेंस कर रही है। रायपुर में सुप्रिया श्रीनेत ने मीडिया से चर्चा की।

रायपुर। नेशनल हेराल्ड केस में अपने शीर्ष नेताओं सोनिया और राहुल गांधी पर चार्जशीट पेश होने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आज देशभर के कई बड़े शहरों में प्रेस कान्फ्रेंस कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और सोशल मीडिया विभाग की चेयरमैन सुप्रिया श्रीनेत रायपुर पहुंची हैं। सुप्रिया ने रायपुर स्थित राजीव भवन में मीडिया से चर्चा की। नेशनल हेराल्ड के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लिया। साथ ही भाजपा के खिलाफ लड़ने वालों पर केस करने का भी आरोप लगाया है। 

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- भाजपा पूरे देश में झूठ बोल रही है, हमें सच कहना होगा। नेशनल हेराल्ड के मुद्दे पर फर्जी चार्जशीट दायर की गई। ED को बच्चा- बच्चा इलेक्शन डिपार्टमेंट बता रहा है। 95% केस ED के कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हैं। प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पीसीसी चीफ दीपक बैज भी मौजूद रहे। 

इसे भी पढ़ें...रायपुर पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय : कांग्रेस पर बोला हमला

भाजपा के खिलाफ लड़ने वालों पर हो रहा केस : सुप्रिया 

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- आंख में आंख डालकर BJP के खिलाफ लड़ रहे लोगों पर केस हो रहा है। ब्रिटिश हुकूमत भी नेशनल हेराल्ड से उतना ही चिढ़ती थी जितना BJP चिढ़ती है। 90 करोड़ का लोन बैंक खातों के माध्यम से दिया गया। कांग्रेस के लोन मामले में निर्वाचन आयोग ने सुनवाई की। आयोग ने पाया कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है।  

गलत होता तो जेल भेजने में देर नहीं करती सरकार 

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- भाजपा सरकार प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी को डराने की कोशिश हो रही वे डरने वाले नहीं हैं। बगैर लाभ संचालित कंपनी पर मनी लांड्रिंग का आरोप लगा रहे हैं। सालों से नेशनल हेराल्ड का मामला चल रहा पर कुछ नहीं मिला। निर्वाचन आयोग ने भी माना कांग्रेस का लोन देना गलत नहीं है। कुछ गलत होता तो मोदी जी जेल भेजने इंतजार नहीं कर रहे होते।  

मोदी- शाह मणिपुर क्यों नहीं गए 

निशिकांत दुबे के बयान पर सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे लोग संसद के सदस्य हैं। भाजपा को निशिकांत दुबे के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यह भी गंभीर विषय है कि वे गृहयुद्ध होने की बात कह रहे हैं। मणिपुर में गृहयुद्ध के हालात हैं, वहां मोदी शाह क्यों नहीं गए। 

झूठ फैलाने में कांग्रेस की मास्टरी- डिप्टी सीएम साव 

उधर कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेस को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा है कि, झूठ फैलाने में कांग्रेस की मास्टरी है। सुप्रिया श्रीनेत भी आई हैं तो झूठ फैलाकर जाएंगी। बघेल के आदिवासी हिंदू लिखेंगे तो आरक्षण खत्म हो जाएगा वाले बयान पर श्री साव ने कहा कि, भूपेश बघेल का बयान समाज को तोड़ने वाला है। कांग्रेस संविधान,आरक्षण पर भ्रम फैला रही है। आदिवासी प्रकृति के उपासक हैं। सीएम विष्णु देव साय ने बिल्कुल सही कहा है।

CH Govt mp Ad
5379487