छत्तीसगढ़ की बेटी ने रचा इतिहास : नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में मौसम विभाग की झांकी का किया नेतृत्व

रविकांत सिंह राजपूत- मनेंद्रगढ़। राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को आयोजित 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ की बेटी ने राज्य का नाम रोशन किया है। मनेंद्रगढ़ की डॉ. नीति सिंह ने कर्तव्य पथ पर भारत मौसम विज्ञान विभाग, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की झांकी का सफल नेतृत्व किया। वह इस प्रतिष्ठित अवसर पर झांकी का नेतृत्व करने वाली मनेंद्रगढ़ की पहली महिला बनी हैं।
डॉ. नीति वर्तमान में दिल्ली स्थित भारत मौसम विभाग में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मनेंद्रगढ़ में हुई। उनके पिता रमेशचंद्र सिंह एक वरिष्ठ अधिवक्ता और सांसद प्रतिनिधि हैं। उनके परिवार में पूर्व न्यायाधीश व्यंकटेश सिंह उनके छोटे भाई हैं। डॉ. नीति के पति आशीष सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में कार्यरत हैं।

मनेंद्रगढ़ में खुशी की लहर
गणतंत्र दिवस परेड में मौसम विज्ञान विभाग की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें देश की सैन्य और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन किया गया। डॉ. नीति की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे मनेंद्रगढ़ में खुशी की लहर है। उनकी इस सफलता ने युवा पीढ़ी के लिए एक नई राह दिखाई है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS