रायपुर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कहना है कि हरियाणा की जनता ने मन बना लिया है कि यहां पर तीसरी बार भाजपा की सरकार बनानी है। जनता समझ गई है कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं किया है। कांग्रेस के शासनकाल में हर वर्ग परेशान रहा है। अब जनता नहीं चाहती है कि उनको फिर से उसी परेशानी का सामना करना पड़े। यहां पर भाजपा की सरकार बनने के बाद डबल इंजन की सरकार हो जाएगी और  हरियाणा का  काफी तेजी से विकास होगा। हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के साथ चुनाव संवाद में उनसे हुई बातचीत के अंश प्रस्तुत हैं।  

▶  क्या कारण है जो इतनी रात को भी मुस्कुरा रहे हैं?

▶ ये लोगों का प्यार है हरियाणा के लोगों का आशीर्वाद है। इसलिए इस चेहरे पर मुस्कान रहती है।

▶ पिछले चुनाव में 73 पार का नारा दिया गया था, इस बार कोई नारा सुनाई नहीं दे रहा है ?

▶ जनता आशीर्वाद दे रही है, नारा भी जनता से पूछ लें बता देगी। जनता कह रही है तीसरी बार भाजपा की सरकार बड़ी जीत के साथ बनेगी। वो सीटें भी जहां पर कांग्रेस ने कभी सोचा नहीं है, वहां भी कमल का फूल खिलकर आएगा। हुड्डा को अभी अपने क्षेत्र में दिक्कत आ रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा जी भी परेशानी में हैं कि क्या हो गया है। जनता ने कांग्रेस और भाजपा के दस साल का आकलन किया है और जनता ने ही फैसला किया है कि भाजपा की सरकार तीसरी बार बनेगी।

इसे भी पढ़ें...सुनील गावस्कर से डॉ.हिमांशु द्विवेदी की विशेष बातचीत

▶ चार माह पहले लोकसभा में भाजपा और कांग्रेस को बराबर सीटें मिलीं, चार माह में ऐसा क्या हो गया जो आपको भरोसा है सरकार बनने का ?

▶ कांग्रेस ने झूठ बोलकर सीटें हथियाने का काम किया है, इसका हम थोड़ा सा आंकलन करेंगे, हिमाचल और कर्नाटक में कांग्रेस कैसी आई, तेलंगाना में कैसी आई, कांग्रेस ने 60 साल तक देश पर राज किया इसके बाद कांग्रेस को जनता को गारंटी देनी पड़ रही है, झूठ बोलना पड़ रहा है। जनता बहुत भोली है, कांग्रेस के झांसे में आ जाती है। इसके बाद कांग्रेस उसी जनता को लूटने का भी काम करती है। इसका उदाहरण ये तीनों राज्यों भी हैं। तीनों राज्यों में वादे पूरे नहीं किए। एक लाख रोजगार देने की बात थी, रोजगार नहीं दिया। तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त देने की बात थी, नहीं दी, बल्कि बिजली का रेट बढ़ा दिया। कांग्रेस का हरियाणा में झूठ चलने वाला नहीं है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में झूठ बोलकर पांच सीटें जीती थीं, उनका झूठ अब विधानसभा चुनाव में चलने वाला नहीं है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में भी झूठ बोला कि भाजपा की सरकार बनी और तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो ये संविधान बदल देंगे। राहुल गांधी अमेरिका में जाकर कहते हैं कि हम सत्ता में आते तो आरक्षण को समाप्त कर देते।

▶कांग्रेस गारंटी देती है, उसकी छाया भाजपा के घोषणापत्र में दिखती है?

▶ हमारी योजना पहले से रहती है। मैंने 100 दिनों की योजना तैयार की थी, लेकिन मुझे 56 दिन ही मिले। 56 दिनों के अंदर में मैंने हरियाणा के लिए 126 ऐतिहासिक फैसले लिए हैं जिसकी प्रशंसा हो रही है। हुड्डा साहब कहते हैं मैं सिर्फ घोषणाएं कर रहा हूं। मैंने कहा, हुड्डा साहब मैं घोषणाएं ही नहीं कर रहा हूं, उसको धरातल पर लाने का काम भी कर रहा हूं। मैंने कहा, हुड्डा साहब आपका दस साल का कार्यकाल रहा, मेरा सिर्फ 56 दिनों का कार्यकाल रहा, आप इसका मिलान कर लीजिए, मैंने आपसे ज्यादा काम किए हैं। हुड्डा सरकार के कार्यकाल में पर्ची खर्ची से नौकरी मिलती थी, हमारी सरकार में ऐसा नहीं है। न तो पर्ची की जरूरत है न ही खर्ची की। हम युवाओं को ऐसे ही नौकरी देने का काम कर रहे हैं। भाजपा ने नहीं कांग्रेस ने हमारी नकल की है।

▶ चुनाव आयोग ने क्यों जल्द चुनाव घोषित कर दिया, क्या चुनाव आयोग में आपका दखल- वखल नहीं रहा ?

▶ चुनाव आयोग कांग्रेस की जेब में रहता था, कांग्रेस ने कभी भी संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं किया। कांग्रेस अपनी को आज भी सर्वोच्च मानती है। उनको मालूम नहीं है, उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है।

▶कांग्रेस में नौकरियों को लेकर कोटा फिक्स हो रहा है, ऐसे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह है, भाजपा में हमेशा कार्यकर्ताओं की शिकायत रहती है। ऐसे में जीत का मामला किसका बनेगा ?

▶ ये नौकरी में भ्रष्टाचार करते हैं, नौकरियों के लिए बोलियां लगती हैं। हाईकोर्ट ने हुड्डा सरकार के समय कहा था, ये आपने नौकरियों से लिए जो कलेक्शन सेंटर खोल रखा है, यह कलेक्शन सेंटर नहीं लाला की दुकान खोल रखी है। हाईकोर्ट की यह बात जनता तक पहुंचाने का काम आप करें। इसके बाद भी सरकार पर कोई असर नहीं हुआ और वही भ्रष्टाचार पर नौकरी मिलती रही। हमने हरियाणा में कोई भेदभाव नहीं किया है नौकरी देने के मामले में। हमने 50 हजार नौकरी देने की बात की, 35 हजार तक आंकड़ा पहुंचने वाला है। जिनका परिणाम में रूका है, उनका परिणाम चुनाव के बाद आने पर मैं इन बच्चों को नौकरी जब तक नहीं दे देता शपथ नहीं लूंगा।

▶ आप ही मुख्यमंत्री बनेंगे इसकी गारंटी क्या है, आपके ही मित्र अनिल विज और कुछ और भी दावेदारी कर रहे हैं?

▶हमारे नेता हैं कोई आपत्ति नहीं है दावेदारी कर सकते हैं। लेकिन यह फैसला हमारा पार्लियामेंट बोर्ड करता है।

▶पार्टी ने डॉ. रमन सिंह, शिवराज सिंह वसुंधरा सिंधिया के लिए कहा, पार्टी जीती तो ये मुख्यमंत्री बनेंगे, लेकिन आपके नाम का ऐलान किया गया, इसके पीछे क्या बात है ? 

▶ मैं एक गरीब परिवार का हूं, मेरी औकात नहीं थी कि मैं मुख्यमंत्री बन जाता, मैं तो पार्टी का काम कर रहा था। एक पिछड़े वर्ग के कार्यकर्ता को एक किसान के बेटे को यह भाजपा पार्टी ही, यह नरेंद्र मोदी ही है जो ऐसा कर सकते हैं। कांग्रेस में ऐसा कभी नहीं हो सकती है।

▶ हरियाणा में कई नेता हैं लेकिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा का ही नाम क्यों रहता है नायब सिंह सैनी की जुबान पर, कितनी चुनौती बन गए हैं, हुड्डा जी ?

▶कोई चुनौती नहीं है। कांग्रेस परिवारवाद वाली पार्टी है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से हटकर कोई बात नहीं होती है। यहां देखेंगे तो हुड्डा और उनके बेटे से हटकर कोई बात नहीं होती है। दस साल तक हुड्डा ही यहां के मुख्यमंत्री रहे हैं, इसलिए उनका नाम ले रहे हैं। और तो किसी को स्थान ही नहीं दिया तो और किसी का नाम कैसे लें। हुड्डा ने जनता को लुटने का काम किया और अपने दामाद को फायदा पहुंचाया। 24 घंटे बिजली देने की बात करते थे, चार घंटे बिजली नहीं मिलती थी, लोग त्राहि-त्राहि करते थे। चार-चार दिन में गैस सिलेंडर मिलता था। किसान परेशान थे। किसानों के धान में कटौती कर देते थे। हर वर्ग को परेशान किया है। कांग्रेस दलित विरोधी है, इनको आगे बढ़ने नहीं देते हैं।

▶ कुमारी शैलजा को भी बुला रहे हैं, क्या हरियाणा में शैलजा भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री हो सकती है?

▶ भाजपा में कोई आना चाहता है तो स्वागत है, एक महिला है, उन्होंने मेहनत करके कांग्रेस में स्थान बनाया है, कांग्रेस ने उनके स्थान को कुचला है।

▶ कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा के पास कोई उपलब्धि है ?

▶ लॉ एंड आर्डर को लेकर हमारा एक विजन रहता है। हम समझौता नहीं करते हैं। कांग्रेस का दस साल का कार्यकाल देखें। उनके शासन में कितनी एफआईआर दर्ज थीं, लोग चिल्लाते रहते थे, लेकिन एफआईआर नहीं होती थी। हमारे शासन में ऐसा नहीं होता है। गुंडई करने वालों को हम या तो अस्पताल में भेजते हैं या जेल में। ऐसे लोगों ने आगे भी सरकार बनने पर कड़ाई से निपटा जाएगा।

▶जन नायक जनता पार्टी को लेकर क्या सोचते हैं, पहले भाजपा के साथ थी ?

▶ ये बात तो उनसे पूछनी चाहिए। जनता से पूछ लेना। जनता हमें आशीर्वाद दे रही है। जनता को तो बस इंतजार है मतदान का खटाखट-खटाखट कमल पर बटन दबाना है और भाजपा की सरकार बनाना है।

▶ करनाल के लोग आपसे कितने नाराज हैं?

▶ करनाल से मैं दिल से प्रेम करता हूं। मैं कहीं भी बैठा हूं, करनाल को कोई भी व्यक्ति आता है मैं सिर आंखों पर बिठाता हूं। करनाल के विकास और सम्मान के बारे में कोई समझौता नहीं होगा।

▶ आप लाडवा से चुनाव क्यों लड़ रहे हैं? 

▶ लाडवा मेरा घर है। मैं तो अपने घर वापस आया हूं। मैंने अपनी सीट कहां बदली है ये तो कांग्रेस के लोग कह रहे हैं।