रायपुर। छत्तीसगढ़ में PWD, PHE और नगरीय प्रशासन विभाग के अनुदान मांगों को लेकर गुरुवार को चर्चा हुई। चर्चा के बाद विभागीय मंत्री अरुण साव ने कहा कि, सभी निकायों में अटल चौक बनाया जाएगा और नवंबर में इंडियन रोड कांग्रेस अधिवेशन होगा। साथ ही प्रदेश में 7 नए रेलवे ओवरब्रिज बनाये जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि, राजधानी रायपुर के पंडरी-लोधीपारा तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जायेगा। साथ ही रायपुर-बिलासपुर स्मार्ट सिटी के लिए 404 करोड रुपए की स्वीकृति दी जाएगी। साथ ही प्रदेश के 22 निकायों में सेंट्रल लाइब्रेरी बनाई जायेगी। 

बीते महीने नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक में साफ कर दिया था कि, ठेकेदार को काम सौंपकर भूल न जाए। ठेकेदार सचेत हो जाएं कि गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। काम में देरी और लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने और नियमानुसार ब्लैकलिस्टेड करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रदेश के सभी नगर पालिकाओं तथा बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की।

अधिकारियों को दिए थे निर्देश 

नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अभियंता को अपने-अपने निकायों में विकास और सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और अभियंताओं को अपने मुख्यालय में ही निवास करने को कहा।