दुर्ग। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर जारी है। दुर्ग जिले में भीषण गर्मी से एक महिला श्रमिक की मौत हो गई। मृतक महिला मनेरगा के तहत अहेरी नर्सरी में काम करती थी। काम के दौरान वह अचानक चक्कर खाकर बेहोश हो गई थी। मृतक महिला का नाम भद्रा बाई है। यह पूरा मामला नंदिनी थाने का है।

जनपद सदस्य भूपेंद्र कुमार साहू ने बताया कि, महिला का रजिस्ट्रेशन मनरेगा मजदूर के रूप में है। वो अहिरी गांव में उद्यानिकी विभाग के तहत संचालित नर्सरी में काम करने गई थी। महिला मंगलवार दोपहर में नर्सरी तैयार कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वो वहीं पर बेहोश होकर गिर गई।महिला के बेहोश होते ही वहां हड़कंप मच गया। आसपास काम करने वाले मजदूरों ने महिला को उठाया। इसके बाद उसे उहिरी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नंदिनी पुलिस ने शव को पीएम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला स्थित मरचुरी भेजा। 

मृतक महिला

पति बोले- छिन गया बुढ़ापे का सहारा

महिला के पति लखन ठाकुर ने कहा कि उसके तीन बेटे और एक बेटी है। सभी की शादी हो चुकी है। बुजुर्ग होने के बाद भी वो दोनों पति पत्नी मेहनत मजदूरी करके अपना पेट पालते हैं। उसकी पत्नी रोज की तरह नर्सरी में पौधा तैयार करने गई थी। गर्मी इतनी अधिक थी की उसकी जान चली गई। पति ने कहा उसकी पत्नी की मौत से उसके बुढ़ापे का सहारा छिन गया। सरकार को चाहिए कि वो उनके जैसे बुजुर्ग के लिए कुछ ऐसा करे को उन्हें इस तरह कड़ी मेहनत का काम ना करना पड़े।

मौसम विभाग ने 20 जिलों में जारी किया येलो अलर्ट 

मौसम विभाग ने बताया कि, प्रदेश के 20 जिलों में हीट वेव चलने की संभावना है। अगले दो घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के बालोद, बलौदाबाज़ार, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, गौरेला पेंड्रा मरवाही, जांजगीर चांपा, कबीरधाम, कोरबा, महासमुंद, मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, रायगढ़, राजनांदगाव, सक्ति, सारंगढ-बिलाईगढ़ में हीट वेव चलने की संभावना जताई है।