रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। शनिवार को उनके कार्यक्रमों का दौर शुरू हो गया है। 

इंटर स्टेट कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक जारी

नक्सलवाद के खात्मे को लेकर इंटर स्टेट कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक हो रही है। बैठक में सातों राज्यों में हुए नक्सल ऑपरेशन की समीक्षा की गई। सभी CS और डीजीपी से नक्सल उन्मूलन को लेकर सुझाव मांगे गए। मानसून के बाद जॉइंट ऑपरेशन तेज किए जाएंगे। नक्सल ऑपरेशन में नई तकनीक का इस्तेमाल होगा। बैठक में नक्सल क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कैंप का विस्तार किया जाएगा। 

इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक शुरू

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में 7 राज्यों के मुख्य सचिव और डीजीपी मौजूद हैं। नक्सल मोर्चे पर काम कर रही सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख और सीएम साय सहित डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौजूद हैं। 

जलाभिषेक करते हु्ए गृहमंत्री शाह

चंपारण पहुंचे श्री शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चंपारण पहुंचे। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा साथ में मौजूद हैं। अमित शाह ने मंदिर में महाप्रभु वल्लभाचार्य के मुख्य प्राकट्य बैठक के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। 

नवागांव हेलीपेड पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया श्री शाह का स्वागत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नवागांव हेलीपेड पहुंचे। उनके साथ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ अभनपुर और राजिम के विधायकों ने हेलीपेड में अमित शाह का स्वागत किया। इसके बाद श्री शाह चंपारण के लिए रवाना हुए। 

केंद्रीय गृहमंत्री शाह का स्वागत करते हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल
नवागांव हेलीपेड पर श्री शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कुछ ही देर में चंपारण पहुंचेंगे। चंपारण में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह महाप्रभु वल्लभाचार्य की पूजा अर्चना करेंगे। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल,पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू,पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज मौजूद रहेंगे।

पहले भी यहां आ चुके हैं शाह 

गौरतलब है कि, गृहमंत्री शाह का चंपारण से पुराना नाता है। साल 2001 में भी वे अपनी मां के साथ चंपारण में महाप्रभु वल्लभाचार्य की पूजा के लिए आ चुके हैं। साल 2013 में बीजेपी के स्टार प्रचारक के रूप में भी वे चंपारण आने वाले थे। लेकिन किसी कारण से उनका यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था। केंद्रीय गृहमंत्री बनने के बाद श्री शाह पहली बार पत्नी सहित चंपारण पहुंचेंगे। यहां पर वे लगभग 20-30 मिनट रूकेंगे और महाप्रभु वल्लभाचार्य की पूजा करेंगे। 

वैष्णव संप्रदाय के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है चंपारण

चंपारण प्रभु वल्लभाचार्य की जन्मभूमि है। यह स्थान गुजराती समाज और वैष्णव संप्रदाय के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां पर शनिवार को गृहमंत्री शाह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे हैं। इसके लिए तैयारियां भी पूरी कर ली गई है। 

सुरक्षा का किया गया पुख्ता इंतजाम 

सुरक्षा के लिए यहां पर लगभग 600 जवानों की तैनाती की गई है। ये जवान पांच लेयर में सुरक्षा के लिए तैनात हैं। दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर से जवानों की टीम को बुलाया गया है। वहीं मंदिर परिसर में कुछ समय के लिए आम जनता का प्रवेश निषेध किया गया है। आसपास की दुकानों को भी शुक्रवार की रात से ही बंद करवाया गया है।