Logo
जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन पूर्ण हो गया है। भाजपा की किरण नरेटी अध्यक्ष तो वही भाजपा से ही तारा ठाकुर उपाध्यक्ष पद पर काबिज हुई है। 

गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन पूर्ण हो गया है। भाजपा की किरण नरेटी अध्यक्ष तो वही भाजपा से ही तारा ठाकुर उपाध्यक्ष पद पर काबिज हुई है। किरण नरेटी ने कांग्रेस की झरना ध्रुव को हराया, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए तारा ठाकुर ने कांग्रेस की सुलोचना मेश्राम को हराकर शानदार जीत दर्ज की। 

जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट इस बार महिला आरक्षित थी। जिले की 13 जिला पंचायत सीट में 7 सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीतकर आए थे। जबकि, 4 सीट पर कांग्रेस को जीत मिली थी। वहीं एक सीट आप पार्टी के उम्मीदवार और एक निर्दलीय के खाते में गई थी। जिसके बाद तय माना जा रहा था कि, भाजपा से ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की जीत होगी। किरण नरेटी को अध्यक्ष पद के लिए 10 वोट मिले। जबकि, झरना ध्रुव को सिर्फ 3 वोट ही मिले, अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की तरफ से क्रास वोटिंग हुई। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए तारा ठाकुर को 9 और कांग्रेस की सुलोचना मेश्राम को 4 मत मिले। 

सभी सदस्यों के साथ मिलकर करेंगे विकास- नवनिर्वाचित अध्यक्ष

जीत के बाद जिला पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष किरण नरेटी ने कहा कि, जिले के सभी 13 जिला पंचायत सदस्य मिलकर जिले का विकास करेंगे। जिले के ग्रामीण इलाकों में अभी भी विकास के कई कार्य शेष है, जिन्हें पूर्ण करना उनकी प्राथमिकता होगी। 

अंतिम घर तक विकास पहुंचाना हमारी प्राथमिकता- उपाध्यक्ष 

वहीं उपाध्यक्ष पद पर जीतकर आने वाली तारा ठाकुर ने कहा कि, भाजपा आलाकमान ने उन्हें मौका दिया है। जिले के सभी ऐसे इलाके जहां विकास नहीं पहुंचा सका है, अंतिम घर तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता होगी।

5379487