कोपरा। गरियाबंद जिले में नगर पंचायत कोपरा के चुनाव में इस बार दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां बीजेपी और कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी गोरेलाल सिन्हा जनता के बीच लोकप्रिय बनकर उभर रहे हैं।
महिलाओं का मिल रहा है समर्थन
नगर की महिलाओं में गोरेलाल सिन्हा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। वे उन्हें एक ईमानदार, कर्मठ और जमीनी नेता के रूप में देख रही हैं, जो सच में कोपरा का विकास चाहते हैं। घर-घर जाकर प्रचार करने और जनता की समस्याओं को सीधे सुनने की उनकी रणनीति रंग ला रही है। महिलाओं का कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए वे इस बार एक नया और भरोसेमंद नेतृत्व चाहती हैं, जो सिर्फ वादे न करे बल्कि उन पर अमल भी करे।

भाजपा-कांग्रेस भी लगा रही जोर
अब तक नगर पंचायत चुनावों में कांग्रेस और बीजेपी का सीधा मुकाबला होता था, लेकिन इस बार गोरेलाल सिन्हा के चुनावी मैदान में उतरने से तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। वे प्रचार-प्रसार के मामले में नंदकुमार साहू (कांग्रेस) और रूपनारायण साहू (बीजेपी) से कहीं आगे नजर आ रहे हैं। जनता के बीच उनकी बढ़ती लोकप्रियता से दोनों प्रमुख दलों की चिंता बढ़ गई है।
जनसेवक की बन रही छवि
गोरेलाल सिन्हा की छवि एक सच्चे जनसेवक की बनी है। वे चुनावी मंच से बड़े-बड़े वादे करने के बजाय जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान की बात कर रहे हैं। यही वजह है कि न केवल महिलाएं, बल्कि युवा और बुजुर्ग भी उनके समर्थन में खुलकर सामने आ रहे हैं।