Logo
लोकसभा चुनाव से पहले कुछ कुछ दिग्गज नेता और कार्यकर्ता भाजपा में एंट्री ले रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस अब नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी दे रही है।

रायपुर- लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के कुछ दिग्गज नेता और कार्यकर्ता भाजपा में लगातार शामिल होते हुए दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं और नेताओं की नाराजगी दूर करने के लिए संवाद और संपर्क समिति के जरिए लोकसभा क्षेत्रों में दिग्गजों को प्रभारी बनाने की कोशिश में लगी हुई है। यानी जो नेता और कार्यकर्ता रूठे हुए नजर आ रहे हैं, उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे रही है। 

बता दें, सरगुजा में प्रेमसाय सिंह और आदित्येश्वर शरण सिंहदेव को प्रभारी बनाया गया है। जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर को दी गई है। कोरबा में जयसिंह अग्रवाल और गुरुमुख सिंह होरा को जिम्मेदारी मिली है। बिलासपुर में पूर्व विधायक पद्मा मनहर को जिम्मा सौंपा गया है। वहीं रायगढ़ में पूर्व विधायक उमेश पटेल को मौका दिया गया है। वे यहां पर रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने की पूरी कोशिश करेंगे। 

Congress List

राजनांदगांव से किसे बनाया गया प्रभारी 

फिलहाल राजनांदगांव हॉट सीट बनी हुई है। क्योंकि यहां से पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कवर्धा से सांसद संतोष पांडेय के बीच मुकाबला होने वाला है। इसलिए यहां की जिम्मेदारी पूर्व अध्यक्ष धनेश पाटिला को दी गई है। जो रुठे हुए कार्यकर्ताओं को मनाने में जी जान लगा देंगे। दुर्ग की बात की जाए तो, यहां का जिम्मा मोहन मरकाम को सौंपा गया है। 

रायपुर से सत्यनारायण शर्मा को सौंपा जिम्मा 

राजधानी रायपुर से पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा को जिम्मेदारी दी है। महासमुंद में अमितेश शुक्ल मोर्चा संभालने वाले हैं। बस्तर की बात करें तो यहां पर पहले चरण में चुनाव होने वाला है। यहां की जिम्मा राजेंद्र तिवारी उठाने वाले हैं। कांकेर में अनिला भेंडिया रुठे हुए नेताओं को मनाने वाली हैं। 

5379487