रायपुर। छत्‍तीगसढ़ स्‍कूल और उच्‍च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता पिस्ता देवी का मंगलवार की शाम को देहावसान हो गया है। उनकी माताजी लंबे समय से बीमार चल रही थीं और आज शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। कल उनका अंतिम संस्‍कार किया जायेगा।

सीएम साय ने किया शोक व्यक्त 

सीएम विष्णु देव साय ने शिक्षा और संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता पिस्ता देवी अग्रवाल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। पिस्ता देवी, अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक एवं समाजसेवी रामजीलाल अग्रवाल की धर्मपत्नी, समाजसेवी गोपालकृष्ण अग्रवाल, शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, यशवंत अग्रवाल की माता थीं।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर किया शोक व्यक्त 

शिक्षा और संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता पिस्ता देवी अग्रवाल के निधन पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल के ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा कि, मां का जाना जीवन से छांव के चले जाने जैसा होता है। मुझे छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की मातृ शोक का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिजनों को सबल दे।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने ट्वीट कर किया शोक व्यक्त 

मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता के निधन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने ट्वीट कर लिखा कि, छत्तीसगढ़ के माननीय धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता पिस्ता देवी के निधन का समाचार दुखद है। मां का जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है शोक की इस विकट परिस्थिति में मेरी संवेदनाएं परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और परिजनों को वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करे।