रायपुर। रायपुर जिले में 25 दिसंबर को किसानों को वर्ष 2014 एवं 2015 का धान बोनस की राशि वितरण किया गया था। यह राशि सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर की गई थी। जिन किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई है, उनमें ऐसे कई किसान भी थे, जिनके बैंक खाते लेनदेन नहीं होने या मृत्यु होने के कारण बंद हो चुके हैं, वहीं कइयों के खाते आधार से लिंक नहीं हो पाए हैं। बोनस राशि नहीं मिलने के कारण ये किसान अब धान खरीदी सोसाइटियों, तहसीलदारों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं।

हालांकि शासन के निर्देश पर प्रशासन ने ऐसे पात्र किसानों को दोबारा राशि ट्रांसफर करने का फरमान जारी किया है। इसके लिए छूटे किसानों का फिर से सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए तहसीलदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। तहसीलदार किसानों का पंजीयन, मृत्यु प्रमाणपत्र, सदस्यों का सहमति पत्र से लेकर उनके खातों व आधार का सत्यापन
कर रहे हैं

264 करोड़ 79 लाख 45 हजार बोनस राशि बांटी गई

रायपुर जिले के खरीफ वर्ष 2014-15 और 2015-16 की धान बोनस की अटकी राशि किसानों को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के दिन 25 दिसंबर को बांटी गई थी। इस दिन लगभग 264 करोड़ 79 लाख 45 हजार रुपए की राशि सीधे जिले के किसानों के खातों में ट्रांसफर कराई गई थी, लेकिन यह राशि कई सोसाइटी क्षेत्र के किसानों के खातों में पहुंच नहीं पाई है।

बिना सत्यापन पुरानी सूची के आधार पर कर दी गई राशि ट्रांसफर

खरीफ वर्ष 2014 और वर्ष 2015 में किसानों को धान बोनस नहीं दिया गया था। राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही दो साल का पुराना बोनस किसानों को देने का निर्णय लिया। इसके लिए किसानों के नाम की सूची भी तैयार की गई, लेकिन जानकर हैरानी होगी कि इस सूची में वर्ष 2014 और 2015 में पंजीकृत उन सभी किसानों के नाम जोड़े गए हैं, जिन्हें बोनस की राशि मिलनी थी। सूची तैयार करने से पहले किसान जीवित है या नहीं, मृत्यु हो चुकी है, तो मृत किसान ने किसे नॉमिनी बनाया है। खाता चालू है कि नहीं, चालू है तो दुरुस्त है या नहीं, इसका कोई सत्यापन नहीं किया गया है। इस कारण से कई किसानों के खातों में ट्रांसफर होने के बाद भी राशि पहुंच नहीं पाई है। 

केस - 1
412 में 128 किसानों को नहीं मिला बोनस

सेजबहार-बोरियाकला धान सोसाइटी क्षेत्र के 412 किसानों के खातों में कुल एक करोड़ 23 लाख 77 हजार 880 रुपए की राशि ट्रांसफर की गई थी। इनमें से 128 किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर नहीं हुई है। जिन किसानों को राशि ट्रांसफर नहीं हो पाई है, उनमें कई किसानों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि कइयों के खाते बंद एवं आधार से लिंक नहीं है।

केस - 2
150 किसानों के खातों में नहीं पहुंची राशि

खिलौरा-खोरपा सोसाइटी क्षेत्र के 150 किसानों के खातों में धान बोनस की राशि ट्रांसफर नहीं हो पाई है। इन किसानों में भी कईयों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि कइयों के खाते बंद हैं।

केस - 3
06 में 106 किसानों को नहीं मिली बोनस राशि

ग्राम दतरेंगा सोसाइटी क्षेत्र के 306 किसानों के खातों में बोनस राशि ट्रांसफर की गई है। इनमें से 106 किसानों को बोनस राशि नहीं मिल पाई है, क्योंकि इनमें भी कई किसान की मृत्यु हो चुकी है, जबकि कइयों के खातें बंद या आधार से लिंक नहीं है।

पुरानी सूची का सत्यापन किए बिना कर दी राशि ट्रांसफर

सेजबहार-बोरियाकला धान सोसाइटी के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने बताया कि,  पुरानी पंजीकृत सूची के अनुसार किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई है। इसके कारण कई किसानों को बोनस नहीं मिल पाया है।