पंचायत चुनाव : अंतिम चरण के लिए मतदान की तैयारियां पूरी, कलेक्टर ने पोलिंग पार्टी को किया रवाना

गणेश मिश्रा- बीजापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत बीजापुर जिले में अंतिम चरण का मतदान रविवार 23 फरवरी 2025 को जनपद पंचायत भैरमगढ़ में होगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भैरमगढ़ पीआर साहू ने बताया कि, जनपद पंचायत भैरमगढ़ के 60 ग्राम पंचायतों के लिए 89 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
विकासखण्ड के 175 वार्डों में पंच का और 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच का निर्वाचन होगा। इसके अतिरिक्त 15 जनपद क्षेत्रों, 3 जिला पंचायत क्षेत्र में भी मतदान होगा। विकास खण्ड में कुल 16649 महिला, 15521 पुरुष और 6 अन्य इस प्रकार कुल-32176 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
मतदान दलों को बांटी गई सामग्रियां
अनुविभागीय दण्डाधिकारी विकास सर्वे के मार्गदर्शन में रिटर्निंग अधिकारी सूर्यकांत घरत और जनपद सीईओ पीआर साहू ने सुचारू रूप से मतदान सामग्री वितरण की व्यवस्था कराई। सुबह 7:00 बजे से दूरस्थ क्षेत्र कुटरू, रानीबोदली और फरसेगढ़ के मतदान दलों को मतदान सामग्री उपलब्ध कराया गया। जिसके बाद दलों ने सामग्री मिलान पूरा किया।

कलेक्टर संबित मिश्रा ने मतदान दलों को किया रवाना
कलेक्टर संबित मिश्रा ने सुबह 10:00 बजे पूजा-अर्चना कर हरी झंडी दिखाकर मतदान दलों को रवाना किया। कलेक्टर ने मतदान दलों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भिक होकर मतदान की प्रकिया सावधानी के साथ पूरा करने की समझाइश दी। बाकी मतदान दलों को भी मतदान सामग्री वितरित किया जा चुका है और वे भी रवाना कर दिए गए हैं।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS