रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। शीतला तालाब में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। दोनों सगे भाई की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फ़ैल गई है। मृतक बच्चों का नाम 13 साल के रचित दुबे और 11 साल के हर्षित दुबे था। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए भेज दिया है। पूरी घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। 

शिवनाथ नदी में हादसा 

वहीं बीते सप्ताह राजनांदगांव जिले में एनिकट में नहाने गए दो लड़कों की डूबने से मौत हो गई। शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ था। दोनों लड़कों का शव गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया। पूरा मामला सुरगी चौकी क्षेत्र का था। जहां पर करीब 6 से 7 युवक मोखला एनिकट में नहाने के लिए गए हुए थे। तभी दो लड़के सुमित यादव 18 साल और शाहिद अली 12 साल नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में समा गए। आस-पास के लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला और दोनों लड़के डूब गए।

गोताखोरों ने निकाला शव 

हादसे की सूचना मिलते ही लोगों के बीच अफरातफरी मच गई और नदी के किनारे भीड़ जमा हो गई। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम ने दोनों युवाओं के शव को बोट की मदद से बाहर निकाला।