रायपुर। लोकसभा चुनाव के लिए बिसात बिछने लगी है। बीजेपी ने छत्तीसगढ़ के लिए अपने सभी 11 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है वहीं कांग्रेस ने भी अपने 5 मोहरे चल दिए हैं। इन्हीं मोहरों पर अब भाजपा सवाल उठा रही है। राजनांदगांव को जिहादगांव बनाने से रोकने की अपील के बाद आज भाजपा ने एक और पोस्टर जारी कर जांजगीर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी पूर्व मंत्री डा. शिवकुमार डहरिया को कब्जाबाज बताया है।

उल्लेखनीय है कि, हाल ही में पूर्व मंत्री शिव डहरिया की पत्नी पर एक सामुदायिक भवन पर कब्जे का आरोप लगा था। वहीं एक अन्य जमीन पर सरकारी खर्च से आलीशान लग्जरियस मकान बनवाने का भी मामला सामने आया था। इसी को लेकर भाजपा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आज एक पोस्टर जारी किया है। पोस्ट कर भाजपा मीडिया सेल ने जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि, जांजगीर-चांपा की जनता सावधान रहे। पूर्व कब्जाबाज मंत्री की नजर अब आपकी ज़मीन पर है। 

राजनांदगांव या जिहादगांव- एक्स अकाउंट पर बीजेपी का पोस्ट 

उल्लेखनीय है कि, एक दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनांदगांव दौरे के बाद भाजपा ने एक्स पर एक पोस्ट किया था। जिस पर लिखा था कि, राजनांदगांव या जिहादगांव चुनाव आपका। पोस्ट को लेकर राजनीतिक गलियारों में सियासत शुरू होने के साथ बवाल भी मचा। भाजपा मीडिया सेल ने आग्रह किया है कि, सही विकल्प चुनें। कांग्रेस ने इसे स्तरहीन करार देते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। 

जिहादगांव वाले कार्टून में चार चेहरे दिखाए गए हैं, जो जाने पहचाने से लगते हैं। सबसे आगे भूपेश बघेल हरा झंडा लेकर दिखाए गए हैं, जिसमें जिहादी गिरोह लिखा है। साथ ही भूपेश का नाम लिखकर बोलते हुए दिखाया गया है कि भाईजान अगला नंबर राजनांदगांव का है। बीजेपी ने इस कार्टून के साथ लिखा है कि, राजनांदगांव या जिहादगांव चुनाव आपका है। पोस्ट को लेकर दिनभर सियासी गलियारों में चर्चा होती रही।

यह हरकत टिप्पणी के लायक नहीं

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील शुक्ला ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा यह हरकत स्तर नहीं रखती कि, इस पर टिप्पणी की जाए। भाजपा मीडिया सेल ने इसे लेकर कहा, पोस्ट के माध्यम से जनता से सही विकल्प चुनने का आग्रह किया गया है।