Logo
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा जोरों - शोरों से जुटी हुई है । चुनाव के लिए प्रत्याशियों का नाम तय करने पांच सीटों पर पैनल बनाया गया है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का नाम तय करने पांच सीटों पर पैनल बनाया गया है। छह सीटों पर एक नाम पर सहमति बनी है, हालांकि केंद्रीय नेतृत्व ने तीन-तीन नाम का पैनल लाने का निर्देश दिया था। सूत्रों के अनुसार अब पूरी सूची लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा 29 फरवरी को प्रातः की फ्लाइट से रायपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए है।  29 फरवरी को ही केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है, जिसमें यह प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा जाएगा।

 इसे भी पढ़िए... सीएम ने आदिवासियों को दिया गिफ्ट: दिल्ली रवाना होने से पहले बोले- हम इनकी हर मांग पूरी करेंगे

छत्तीसगढ़ लोकसभा के 5 से 6 लोकसभा क्षेत्र के प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्याशी के नाम की अंतिम घोषणा केंद्रीय संगठन पर छोड़ दिया जाए । केंद्रीय संगठन जो निर्णय लेगा, वह प्रदेश नेतृत्व को मान्य होगा। सभी ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया है। संभावना है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने लोकसभा प्रत्याशियों के नाम का जो अनुमोदन किया जाएगा और प्रथम सूची जारी की जाएगी, उसमें छत्तीसगढ़ लोकसभा के 5 से 6 लोकसभा क्षेत्र के  प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है।

ये थे मौजूद

प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सह प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडेय व लता उसेंडी, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, रामप्रताप सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत की उपस्थिति रहीं। अन्य बैठकों में संगठन के पदाधिकारी प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव भी मौजूद थे।

मैराथन बैठक में क्या हुआ 

भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में दिनभर मैराथन बैठकें हुई। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अब तक के कार्य की प्रगति की समीक्षा की और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। भाजपा की मैराथन बैठकों में सबसे पहले क्लस्टर प्रभारियों, लोकसभा प्रभारियों, लोकसभा संयोजकों व सह संयोजकों की बैठक हुई। इसके बाद दूसरी बैठक भाजपा के विभिन्न कार्यक्रमों की टोलियों की हुई। इसके बाद भाजपा के सभी मोर्चों के प्रदेश प्रभारी, अध्यक्ष, महामंत्री, संभाग प्रभारियों के साथ सभी प्रकोष्ठों के संयोजकों की बैठक रखी गई। सबसे अंत में प्रदेश चुनाव समिति की अहम बैठक हुई। यह निर्णय लिया गया कि मंडल से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे जाएंगे। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने अब तक हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा कर बैठकों में उपस्थित पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति के मार्गदर्शक बिंदुओं से अवगत कराया।

 कांग्रेस में हताशा का माहौल 

 उन्होंने कहा, पिछले विधानसभा चुनाव में जन-आशीर्वाद से हासिल ऐतिहासिक जनादेश से भाजपा कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं और प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाने के लिए 'अबकि बार चार सौ पार' का लक्ष्य लेकर चुनावी मैदान पर सभी भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को कटिबद्ध होकर उतरना है। बैठकों के बाद भाजपा चुनावी तैयारियों में काफी तेजी से आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस पराजित मनोबल और हताशा की शिकार दिखाई पड़ रही है।

प्रदेश में मोदी की गारंटी पर तेजी से काम 

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों और 'मोदी की गारंटी' पर तेजी से काम करती महज दो माह पुरानी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने अभूतपूर्व जन विश्वास अर्जित किया है और इसका सुपरिणाम आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में साफ नजर आएगा। अब कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का संदेश लेकर घर-घर पहुंचें और प्रदेश में भाजपा की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करें।

5379487