अध्यक्ष पद के लिए जोड़-तोड़ शुरू : जिला- जनपद पंचायतों में मची हलचल, भाजपा- कांग्रेस सीट पर कब्जा जमाने हुई सक्रिय

Newly elected members
X
नव निर्वाचित सदस्य
बलौदाबाजार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। भाजपा- कांग्रेस अध्यक्ष पद की सीट पर कब्जा करने के लिए सक्रिय नजर आ रही है।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पंचायत चुनाव के बाद अब जिला पंचायत और जनपद पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए जोड़-तोड़ का दौर शुरू हो गया है। भाजपा -कांग्रेस, दोनों ही पार्टियां अध्यक्ष पद की सीट पर कब्जा जमाने के लिए सक्रिय हो गई है।

बलौदाबाजार जिला पंचायत में कुल 18 सदस्य चुने गए हैं। इनमें भाजपा के 12 सदस्य और कांग्रेस के 5 सदस्य हैं, जबकि एक निर्दलीय सदस्य भी निर्वाचित हुआ है। भाजपा की ओर से गीता डोमन वर्मा और आकांक्षा जायसवाल अध्यक्ष पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। अन्य भाजपा सदस्यों में ईशान वैष्णव, पवन साहू, महेन्द्र मोनू वर्मा, इंदु जांगड़े, शशि आनंद बंजारे, दीप्ति गोविन्द वर्मा, डॉ. मोहन लाल वर्मा, राजा जायसवाल, अमर कुमार धुव और निर्दलीय प्रेमलता बालेश्वर वैष्णव शामिल हैं।

Newly elected members
नव निर्वाचित सदस्य

भाजपा को स्पष्ट बहुमत

कांग्रेस से अमर मंडावी, शैलेन्द्र बंजारे, रवि बंजारे, अंजली विमल साहू और सुनिता विमल देवांगन निर्वाचित हुए हैं। संख्या बल के आधार पर भाजपा के पास स्पष्ट बढ़त दिखाई दे रही है। लेकिन राजनीति में कुछ भी संभव है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी गुट किसी गठबंधन या रणनीतिक दांव-पेच के जरिए बाज़ी पलट सकते हैं।

जनपद पंचायतों में भी मची हलचल

बलौदा बाजार जिले की कई जनपद पंचायतों सिमगा, भाटापारा, बलौदाबाजार, कसडोल, और पलारी के अध्यक्ष पदों के लिए भी दावेदारों के बीच रस्साकशी जारी है। इन पंचायतों में भी भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने में लगी हुई हैं।

अंडरग्राउंड हुए नव-निर्वाचित सदस्य

जिला पंचायत सदस्यों को प्रमाण पत्र मिलते ही कई विजयी उम्मीदवार अंडरग्राउंड हो गए हैं। इससे यह साफ हो जाता है कि खरीद-फरोख्त और तोड़-फोड़ की राजनीति शुरू हो चुकी है। दोनों ही पार्टियां अपने सदस्यों को एकजुट रखने और विपक्षी गुटों को तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही हैं।

Newly elected members
जीत का प्रमाणपत्र लेते हुए नव निर्वाचित सदस्य

अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण -

जिले के 5 जनपद पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण इस प्रकार है -

जनपद पंचायत भाटापारा- अनुसूचित जाति महिला

जनपद पंचायत कसडोल - अनुसूचित जनजाति महिला

जनपद पंचायत बलौदाबाजार - सामान्य महिला

जनपद पंचायत पलारी - सामान्य महिला

जनपद पंचायत सिमगा - सामान्य मुक्त

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story