रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के लापरवाह पदाधिकारियों पर गाज गिरी है। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने 88 पदाधिकारियों को नोटिस थमाया है। क्योंकि ये अधिकारी बैठक में शामिल नहीं हुए थे। 

दरअसल, प्रदेश प्रभारी मोहम्मद गुलाब ने 1 फरवरी को राजीव भवन मेंगग अल्पसंख्यक विभाग की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में 88 पदाधिकारी शामिल नहीं हुए। इनमें 9 प्रदेश उपाध्यक्ष, 19 प्रदेश महासचिव, 51 प्रदेश सचिव और 9 जिला अध्यक्ष शामिल नहीं हुए थे। विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन ने सभी को नोटिस थमाया है और तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। 

मामले में मंत्री टंकराम ने कांग्रेस को घेरा 

वहीं इस मामले में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस से सभी दूर हो रहे हैं, अल्पसंख्यकों की क्या बात करें। कांग्रेस सिर्फ वोट के लिए काम करती है। वोट बटोरने के लिए कुछ भी कर सकती है।

कांग्रेस ने आज तक किसी का भला नहीं किया है- मंत्री टंकराम 

मंत्री टंकराम ने आगे कहा कि, कांग्रेस ने आज तक किसी का भला नहीं किया है। भला तो मोदी जी ने किया है।  कांग्रेस को लोकसभा में प्रत्याशी तक नहीं मिल रहे हैं। नेताओं को चुनाव लड़ने के लिए मनाना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की हालत बहुत खराब है।