सदन में गैरमौजूदगी पर सवाल : आया करारा जवाब, जब 22 जवान शहीद हुए आप रोड शो कर रहे थे, वे हौसला बढ़ाने गए हैं

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को विनियोग विधेयक पर चर्चा जारी रही। चर्चा के दौरान शाम के वक्त सीएम विष्णुदेव साय बसतर में बड़ी मुठभेड़ से लौटे जवानों से बातचीत करने चले गए थे। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीएम की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाया। इस पर जवाब देते हुए वित्त मंत्री ओपी चोधरी ने कहा कि, एक समय वह भी था जब प्रदेश में 22 जवानों की शहादत हुई थी, और आप असम में रोड शो कर रहे थे। अभी तो सीएम साय जवानों की बहादुरी पर दनका हौसला बढ़ाने के लिए गए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस आदिवासी विरोधी है और आदिवासी का मुख्यमंत्री होना उन्हें सहन नहीं होता है। भाजपा ने आदिवासी बेटी को देश की राष्ट्रपति बनाने का काम किया। तब कांग्रेस की सर्वोच्च नेता देश की राष्ट्रपति को पूवर लेडी कहा था। ओपी चौधरी के बयान पर चरणदास महंत ने कहा कि, जब अमेरिका से भारतीयों को बेड़ियां लगाकर भेजा गया तब क्या अहसास हुआ था?
चौधरी कलेक्टर ही अच्छे थे : महंत
इससे पहले विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि, ओपी चौधरी जांजगीर कलेक्टर थे तो बड़े अच्छे थे। अब छोटी- छोटी मांगों को लेकर जो हड़ताल कर रहे हैं, उनकी बात सुनिए। क्या कांग्रेस और भाजपा देखकर काम किया जाता है? जो राशि स्वीकृत है, उसे धरातल में उतारने में कितना समय लगेगा। यहां डीपीआर बनने में ही कई महीने गुजर जाते हैं। इस बार भी बजट का करोड़ों रुपए खर्च नहीं किया जा सका. चरणदास महंत ने अमर अग्रवाल के लिए सदन में शेर पढ़ते हुए कहा कि, 'मैसफी हम तो समझे थे होगा कोई सीने में दर्द, मगर तेरे दिल में तो काम बड़े रफू का निकला।'
कुछ करके उदाहरण पेश कीजिए सरकार
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के शेर पर अमर अग्रवाल ने कहा कि, आप खेद के साथ कहिए जो गलती हुई थी उसे वर्तमान सरकार ठीक करे। इस पर श्री महंत ने कहा कि, सुधरना तो आपको पड़ेगा, सरकार में तो आप ही हैं। नेता प्रतिपक्ष श्री महंत ने आगे कहा कि, 14 महीने निकल गए कुछ तो करो, कोई तो उदाहरण पेश करो। क्या अमृतकाल विजन को विधानसभा के पटल पर रखा है? अगर नहीं रखा तो कैसे वहां तक जाने की बात कह रहे हैं? हममें से बहुत सारे लोग 2047 तक ऊपर चले जाएंगे। जब रहेंगे ही नहीं तो 2047 को कैसे देख पाएंगे?
महंत के बेटे की सियासी पारी पर चला हास-परिहास का दौर
चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष श्री महंत के बेटे की सियासी पारी पर नोंक झोंक को लेकर उन्होंने कहा कि, मेरे बेटे ने बताया कि बजट में 100 बार ओपी चौधरी ने नरेंद्र मोदी का नाम लिया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नाम बजट में 50-60 बार ही लिया। महंत के इस बयान पर अमर अग्रवाल ने टिप्पणी करते हुए कहा कि, आपका बेटा बड़ा विद्वान है, हम चाहते हैं कि, सदन में विद्वान लोग चुनकर आएं। आप घोषणा कर दें अगला चुनाव खुद न लड़कर बेटे को लड़ाएंगे। अमर अग्रवाल की टिप्पणी के जवाब में चरणदास महंत ने कहा कि, आप निर्विरोध चुनाव करवा दें मैं घोषणा कर दूंगा। श्री महंत के बयान पर सत्ता पक्ष ने कहा कि, आप तो इसी बार लड़ाना चाहते थे, पर बाजू वाले (भूपेश बघेल) टिकट नहीं लेने देते।
यादव की टोकाटाकी और धर्मजीत की टिप्पणी
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने रामकुमार यादव को कहा कि, 5 साल सदन में डिस्टर्ब करने के लिए आपको टिकट मिली है। इस पर भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने रामकुमार यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि, अगली बार नेता प्रतिपक्ष ही आपका टिकट काटेंगे। क्योंकि आप पूरी तरह उनके साथ नहीं हैं।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS