संवरेंगी कुरुद की चार प्रमुख सड़कें : सड़क निर्माण कार्य के लिए मिली 54.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति

यशवंत गंजीर-कुरुद। बीते पांच साल निवर्तमान कांग्रेस सरकार की उपेक्षा के चलते बदहाली का दंश झेल रही कुरुद विधानसभा क्षेत्र के चार प्रमुख रास्तों के दिन बहुरने की उम्मीद है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने अधोसंरचना विकास और पूंजीगत व्यव को प्रोत्साहित करने के लिए शासन से लोक निर्माण विभाग के बजट में 54.09 करोड़ की स्वीकृति दिलवाई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होगा।
उल्लेखनीय है कि, सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम जिसमें पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है के पूरे होने पर कुरुद नगर सहित दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। विधायक निवास से मिली सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग ने अलग-अलग सड़कों के सुधारीकरण के लिए नवीन स्वीकृति जारी किया है। इसमे कुरुद विधानसभा अंतर्गत आने वाले कुरुद-चर्रा-कातालबोड-नवागांव मार्ग जिसकी लंबाई 8.80 किमी है, इसके चौड़ीकरण और मजबूतीकरण जिसमे पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है के लिए 19.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

जनता ने इसके लिए विधायक चंद्राकर का जताया आभार
इसी क्रम में गाडाडीह-परखन्दा-गुदगुदा-नारी मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण लंबाई 12.70 किमी के लिए 17.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति हुई है। वहीं खैरा से मोंगरा सड़क की नवीनीकरण 2.50 किमी के लिए 1.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति है। इसी प्रकार सिर्री-फुसेरा-करगा-चटौद मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 15.52 करोड़ रुपये की स्वीकति हुई है। इन सभी स्वीकृति के लिए सार्थक प्रयास करने के लिए क्षेत्र की जनता विधायक चंद्राकर को धन्यवाद दे रहे हैं।
सालों से हो रही थी सड़क जीर्णोद्धार की मांग
बता दें कि, उक्त ग्रामों की सड़कें सुधारीकरण के अभाव में लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा था। करीब 32 किमी लंबे इस मार्ग में जगह-जगह डामर उखड़ गया था और बड़े-बड़े गड्ढे हादसे का सबब बने हुए थे। स्थानीय लोग सालों से इस मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे थे। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी अत्यधिक है। शहर जाने के इसी मार्ग से होकर लोग गुजरते हैं। जिसके चलते हमेशा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि, कुछ जनप्रतिनिधियों ने तो इस सड़क के नवनिर्माण की स्वीकृति दिलाने तक की झूठी वाहवाही बटोरी थी लेकिन आज तक निर्माण नहीं हो पाया। अब इस नवीन स्वीकृति पर उनकी उम्मीदें टिकी हुई है।
बुनियादी ढांचा को मजबूत करने का हो रहा काम
इस संदर्भ में विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि, इन सभी सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजा था। मुख्यमंत्री ने सड़क के नव निर्माण के लिए आश्वासन दिया। अब शासन ने सड़क निर्माण कार्य की वित्तीय और प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। उन्होंने बताया कि, कुरुद विधानसभा में क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए लगातार निर्माण कार्यों को मंजूरी दी जा रही है। बुनियादी सुविधाओं के साथ शिक्षा और खेल से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर भी काम हो रहा है। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार प्रकट किया है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS