सोमा शर्मा- राजिम। प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे राजिम कुंभ 'कल्प' में देश भर से आए साधु-संतों ने शुक्रवार को पेशवाई निकाली। पेशवाई में शामिल विदेशी पर्यटक लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। राम नामी समाज के भी अनेक लोग शामिल हुए। नगर भ्रमण करते हुए समस्त साधु-संतों ने शाही स्नान किया। मातृ शोक होने के कारण मंत्री बृजमोहन अग्रवाल स्नान में शामिल नहीं हो सके। उनके बदले स्थानीय विधायक इंद्र साहू ने सम्मिलित होकर संतों का सम्मान किया। 

साधु-संतों ने किया शौर्य प्रदर्शन

राजिम में 24 फरवरी से चल रहे कल्प कुंभ में 3 मार्च से संत समागम रखा गया था। संत समागम में देश भर के विभिन्न संप्रदाय, अखाड़ों से साधु महात्मा सम्मिलित हुए। मेले के समापन के साथ ही संत समागम का भी आज समापन होने जा रहा है। समापन के एक दिन पूर्व संध्या को इन संतों द्वारा शौर्य प्रदर्शन रखा गया था। आज शिवरात्रि के दिन सभी अखाड़ों के साधु महात्माओं ने एक साथ पेशवाई निकाली। यह पेशवाई नवापारा राजिम नगर में भ्रमण करते हुए कुलेश्वर महादेव में समाप्त हुई। पेशवाई की समाप्ति के पश्चात साधु महात्माओं द्वारा शाही स्नान किया गया। 

बृजमोहन की जगह विधायक साहू हुए शामिल 

कुंभ के प्रणेता धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल हमेशा से कल्प कुंभ में संतों के साथ शाही स्नान, पेशवाई में शामिल होते हैं। नई सरकार के बाद पहले कल्प कुंभ में मातृ शोक होने के कारण मंत्री बृजमोहन इस वर्ष इसका हिस्सा नहीं बन सके। उनके बदले में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने यह जिम्मेदारी सम्हाली। 

विदेशी पर्यटक भी हुए शामिल

पुन्नी मेला से कल्प कुंभ हुआ राजिम मेले को प्रसिद्धि देश से निकलकर विदेशों में भी पहुंच गई है। यही कारण है की मेले में इस वर्ष बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक शामिल हो रहे हैं। आज सुबह साधुओं की पेशवाई में ये विदेशी पर्यटक शामिल हुए। फ्रांस,इटली,जर्मनी से आए ये विदेशी पर्यटक पूरे नगर में भ्रमण किए। साधुओं के साथ ही ये विदेशी पर्यटक लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।