रायपुर। छत्तीसगढ़ की छोटी-बड़ी सभी खबरें रोजाना हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'सीजी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और छत्तीसगढ़ की हर खबर से अपनी जानकारी बढ़ाएं।

शुक्रवार की बड़ी खबरें 

सीएम साय लेंगे गृह विभाग की बैठक 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11.30 बजे गृह विभाग की बैठक लेंगे। गृहमंत्री विजय शर्मा भी बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा होगी। गृह विभाग के संचालित अभियानों की भी समीक्षा होगी। प्रदेश के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बैठक में मौजूद रहेंगे। 

आज से रायपुर दक्षिण विधानसभा के लिए अधिसूचना का प्रकाशन

रायपुर दक्षिण विधानसभा के लिए अधिसूचना का प्रकाशन आज शुक्रवार से होगा। जल्द ही नामांकन दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। अंतिम तिथि 25 अक्टूबर तक रहेगी। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संविधा होगी। उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। रायपुर दक्षिण में 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को उपचुनाव के नतीजे आएंगे। 

छत्तीसगढ़ में बनेगा पहला आई हब 

छत्तीसगढ़ में पहला आई हब बनेगा। इस इनोवेशन हब में हर कोई अपना आईडिया डेवलप कर सकेगा। अपने आइडिया को एक्सपर्ट के मेंटरशिप की मदद से उपयोगी बनाएंगे। यहां पर छोटे बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्ग तक यूनीक आइडिया डेवेलोप कर सकेंगे। स्टार्टअप में फंडिंग की भी मदद मिलेगी। 

रायपुर दक्षिण फतेह करने कांग्रेस तैयार करेगी रणनीति

रायपुर दक्षिण फतेह करने कांग्रेस रणनीति तैयार करेगी। PCC चीफ दीपक बैज की अध्यक्षता में आज बैठक होगी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ बैठक में मौजूद रहेंगे। दोपहर 12 बजे राजीव भवन में बैठक होगी। बूथ अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता के साथ बातचीत होगी। बूथ के नेताओं से फीडबैक लिया जाएगा।