उमेश यादव- कोरबा। कहते हैं कि, जोड़ियां स्वर्ग में बनती हैं और विवाह धरती पर होता है। शायद ऐसा ही कुछ हुआ 3 फीट के विजय मरावी और ढाई फीट की दुर्गा के साथ। अरसा पहले सोशल मीडिया पर इनका परिचय हुआ। कोरबा में इनका विवाह सामूहिक आयोजन में सम्पन्न हुआ।

जनजातीय समाज से आने वाले विजय मरावी पाली ब्लॉक के ढर्राभाठा गांव के निवासी हैं। वे टेलरिंग से जुड़े है। उनका शारीरिक विकास कई कारणों से नहीं हो पाया और ऊंचाई 3 फीट से ज्यादा बढ़ नहीं सकी। विजय के लिए कुछ ऐसे ही जीवनसाथी की तलाश उनके परिवार के लोग कर रहे थे। 

 

सोशल मीडिया बना माध्यम

योग्य कन्या की तलाश का सिलसिला लंबे समय से चल रहा था। संयोग से नजदीकी गांव में रहने वाली दुर्गा, विजय के समाज से ही थी और उसकी ऊंचाई भी बहुत ज्यादा नहीं थी। सोशल मीडिया से दोनों जुड़े और बातचीत शुरू हुई। हाल में ही इन दोनों की मुलाकात आमने-सामने हुई। इसके बाद विवाह की बातचीत हुई और रिश्ता पक्का हो गया। कोरबा के सर्वमंगला मंदिर परिसर में नमः सामूहिक विवाह के आयोजन की जानकारी मिलने पर इन्होंने रूचि दिखाई और फिर यहां दोनों परिणय सूत्र में बंध गए।

पत्नी 12वीं पास तो पति भी है 10 वीं पास

दुर्गा मरावी ने हायर सेकेंडरी तक की पढ़ाई की है, जबकि उसके पति की शिक्षा हाई स्कूल तक की है। दोनों ने आगे शिक्षा प्राप्त करने को लेकर रुचि दिखाई है। पावर सिटी कोरबा में जिंदगी को नए अर्थ मिलने से यह दोनों खुश हैं।