जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 11वीं बटालियन के जवान का फांसी के फंदे पर लटका हुआ शव मिला है। हैरानी की बात यह है कि, जिस घर में जवान की लाश मिली है, वहीं उसी बिस्तर पर एक महिला का शव भी मिला। दोनों की लाश मिलने के बाद शासकीय क्वार्टर में हड़कंप मच गया। इसके सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जवान का नाम 35 वर्षीय रामसागर सिदार है। वह जवान 15 दिनों की छुट्टी के बाद बीते 2 जनवरी को ड्यूटी पर लौटा था। बताया जा रहा हैं कि, मंगलवार 11वीं बटालियन पुटपुरा जांजगीर के शासकीय क्वार्टर से बदबू आने की सूचना मिली। इसके बाद जब शासकीय क्वार्टर जाकर देखा गया तो जवान की पंखे से लटकी लाश दिखी। उसी कमरे के पलंग पर एक महिला का शव भी मिला।

पुलिस के लिए पहेली बनी महिला की लाश

दोनों की लाश मिलने के बाद शासकीय क्वार्टर में हड़कप मच गया। इसके बाद पुलिस ने महिला की लाश की जांच पड़ताल की तो उसकी पहचान नवापारा निवासी यशोदा यादव के रुप में हुई। बताया जा रहा है कि, दोनों की लाशें चार दिन पुरानी हैं। परिजनों की माने तो जवान की शादी नहीं हुई थी। अभी परिवार वाले रिश्ता ढूंढ रहे थे। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच पड़ताल में जुट गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।  

दोस्तों ने ही मार डाला : पहले फांसी पर लटकाकर की हत्या...फिर दफनाया, 3 साल बाद खेत से निकली लाश 

वही  कुछ दिन  पहले छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक को करीब 3 साल पहले उसके ही दोस्तों ने फांसी पे लटकाकर हत्या की और फिर जमीन में गाड़ दिया। हालांकि 3 साल बाद पुलिस ने मृतक का कंकाल एक खेत से बरामद किया है। इस प्रकरण में पुलिस ने युवक के 3 नाबालिग सहित 4 दोस्तों को गिरफ्तार किया है।

मृतक विकास कुमार कैवर्त्य

मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मल्हार निवासी विकास कुमार कैवर्त्य  2020 में धनतेरस के दिन लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच करती रही, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके चलते पुलिस ने भी केस में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। तीन साल बाद परिजनों के दबाव की वजह से नए सिरे से जांच शुरू करते हुए पुलिस ने विकास के दोस्तों से पूछताछ की तब उन्हें युवक की हत्या और शव के दफनाए जाने का पता चला। जिसके बाद पुलिस ने उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

फसल सूखने के बाद खेत से निकाली गई लाश  

गिरफ्तारी के बाद पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, उन्होंने विकास को पेड़ से फांसी पर लटकाकर मार डाला था और फिर खेत में उसकी लाश को दफना दिया था। पुलिस ने एसडीएम से परमिशन ली और आरोपियों की निशानदेही पर खुदाई की, लेकिन दो दिन बाद भी लाश नहीं मिली। इस बीच पुलिस फसल कटने व जमीन सूखने का इंतजार करती रही। करीब 3 महीने बाद एक बार फिर रविवार को खेत की खुदाई शुरू की गई। हालांकि सफलता नहीं मिली। इस पर सोमवार को पुलिस ने जेसीबी मंगवाई और पूरे खेत को दोबारा खुदवाया। इस दौरान खुदाई में पुलिस को एक नर कंकाल मिला है।

पुराने विवाद के चलते की हत्या

मामले की जानकारी देते हुए चौकी प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि, अभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकारी है। इसके बाद बचने के लिए आरोपियों ने शव को दफना दिया था। पकड़े गए आरोपियों में से एक युवक हत्या के एक अन्य मामले में जेल में बंद है।