एलबी नगर में चतुष्कोणीय घमासान : भाजपा- कांग्रेस के अलावा दो बागी कांग्रेसी भी उतरे मैदान में, बड़े नेता भी लगा रहे जोर

तरुणा साहू- डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के नवनिर्मित नगर पंचायत लाल बहादुर नगर में निकाय चुनाव को लेकर जोर- शोर से प्रचार- प्रसार चल रहा है। यहां पर भाजपा- कांग्रेस के अलावा कांग्रेस में ही रहे दो निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में उतरे हैं। जिसके कारण कांग्रेस का खेल गड़बड़ होता हुआ दिखाई दे रहा है। ये प्रत्याशी पार्टी समर्थित का वोट काट सकते हैं। शहर की सियासत के जानकार कहते हैं कि, अगर मतदाता पार्टी के सिंबॉल पर ना जाकर प्रत्याशी देखेंगे तो किसी निर्दलीय प्रत्याशी की भी जीत हो सकती है।
भाजपा ने भूतपूर्व सरपंच देवेंद्र साहू को अपना प्रत्याशी बनाया है वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व जनपद पंचायत सदस्य राजकुमार साहू को अपना प्रत्याशी बनाया गया है। इन दोनों के अलावा कांग्रेस में रहे दो लोग बतौर निर्दलीय मैदान में उतर गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय लड़ रहे उषा यदु और राकेश सिन्हा दोनों कांग्रेसी बताए जा रहे हैं। दोनों को पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो दोनों कांग्रेसी अब निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। जिसके चलते कांग्रेस का खेल बिगड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।
इसे भी पढ़ें...विवाद के बाद महंत का यू टर्न: बोले- बघेल जो कह रहे हैं वही सही

भाजपा- कांग्रेस प्रत्याशियों को मिल रहा शीर्ष नेताओं का समर्थन
भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र साहू के पक्ष में भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, साथ ही पार्टी के कई बड़े नेता भी जुटे हुए हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार साहू के पक्ष में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू प्रचार कर रहे हैं, साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी एलबी नगर में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए जनसंपर्क कर वोट मांगा है।
मूलभूत सुविधाओं पर करेंगे फोकस- राजकुमार साहू
कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार साहू ने कहा कि, हम स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार समेत दैनिक मूलभूत सुविधाओं पर फोकस करेंगे। जनता की जो मांग रहेगी उसको प्राथमिकता के साथ पूरा करने की कोशिश करेंगे ताकि हर परिवार तक सारी सुविधाएं पहुंचे। नगर में बड़ी आबादी होने के बाद भी यहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी है जिसे पूरा करेंगे।
स्वास्थ्य और शिक्षा को करेंगे दुरुस्त- देवेन्द्र साहू
भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र साहू का कहना है कि, नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त कर 100 बिस्तर का अस्पताल निर्माण करायेंगे। साथ ही नगर के कॉलेज और स्कूलों में शिक्षकों की कमी को भी पूरा किया जाएगा ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार आए। आगे उन्होंने कहा कि, जो महिलाएं महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित है, उनका नाम पूरी प्राथमिकता के साथ जोड़ेंगे। साथ ही पीएम मोदी के विजन को लेकर नगर के विकास के लिए काम करेंगे।
इसे भी पढ़ें...लखमा को कोर्ट से बड़ा झटका : EOW के केस में अग्रिम जमानत याचिका खारिज

बदलाव चाहती है जनता
नगर पंचायत बनने के पहले कांग्रेस पार्टी समर्थित तुलसी हीरा सोनी सरपंच थीं, इससे पहले उनके पति हीरा सोनी भी सरपंच रह चुके हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि, वे बदलाव चाहते हैं। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि, वो किस पार्टी की सरकार चाहते हैं। क्योंकि कांग्रेस के दो बागी भी अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। ऐसे में जनता उन्हें भी अपना समर्थन दे सकती है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि, वे वोट पार्टी को देखकर नहीं बल्कि व्यक्ति को देखकर देंगे। जिससे आने वाले समय में यह तय हो सके की उनके कामों को कौन पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करेगा।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS