रिझाने के लिए खूब घोषणाएं : लिस्ट में संख्या भी ज्यादा, लेकिन 26 जिलों में महिलाएं नहीं निकली वोट डालने

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हुए नगरीय निकायों के चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद सामने आए आंकड़ों ने कई चिंताएं पैदा की हैं। कई जिलो में आधे लोग भी वोट डालने नहीं निकले। रायपुर और बिलासपुर जैसे शहरी इलाकों में आधे लोगों ने भी वोट नहीं डाले। वहीं चौंकाने वाले आंकड़े महिला वोटरों को लेकर हैं। शहरी इलाकों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है, लेकिन वोट डालने के मामले में महिलाएं पीछे रह गईं। उल्लेखनीय है कि भाजपा-कांग्रेस दोनों ने अपने चुनावी घोषणा पत्रों में महिलाओं को रिझाने के लिए कई घोषणाएं की थीं। लेकिन महिलाओं पर इसका असर कम ही नजर आया।
राज्य के 33 में से केवल सात जिलों में महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले कुछ अधिक वोटिंग की है, लेकिन राज्य के अन्य सभी जिलों में पुरुष मतदाता ही वोट डालने अधिक संख्या में निकले। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में कुल 44 लाख 74 हजार 269 शहरी मतदाताओं में से 22 लाख 525 पुरुष, 22 लाख 73 हजार 232 महिला व 512 अन्य मतदाता हैं। यहां पर लगभग 73 हजार महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। मतदान के आंकड़ों से साफ हुआ है कि इस चुनाव में कुल मिलाकर 72.19 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इनमें से पुरुषों ने 73.07 प्रतिशत वोट किया है। जबकि वोट डालने वाली महिलाओं की संख्या 71.66 प्रतिशत रही।
कोरिया में सबसे अधिक बर महिलाओं ने वोट डाले
राज्य के 33 जिलों में से पांच ऐसे जिले हैं जहां महिलाओं के सबसे अधिक वोट पड़े हैं। यह संख्या पुरुषों से अधिक है। इन जिलों में पहले नंबर पर कोरिया जिला है जहां की 84.49 प्रतिशत महिलाओं ने वोट किया है। लेकिन इस जिले में महिलाओं के मुकाबले पुरुषों ने एक प्रतिशत अधिक वोटिंग की है।
इसे भी पढ़ें...निकाय चुनाव : राजिम में 84.53 प्रतिशत हुआ मतदान, 9473 मतदाताओं ने की वोटिंग
यहां महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक
राज्य के 33 में से सात जिले ऐसे हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। इनमें रायगढ़, मनेंद्रगढ़ - चिरमिरी-भरतपुर, खैरागढ़- छुईखदान- गंडई सहित बस्तर संभाग के जिले कोंडागांव, सुकमा, नारायणपुर, और बीजापुर शामिल हैं।
चार जिलों की महिलाओं ने अधिक वोट डाले
■ कोरिया में 84.49 प्रतिशत महिलाओं ने वोट किया है।
■ गरियाबंद जिला है जहां 83.90 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया
■ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 83. 51 प्रतिशत महिला मतदान
■ बलरामपुर जिले में महिलाओं ने 79.20 प्रतिशत वोटिंग
सबसे कम मतदान बिलासपुर जिले में
■ बिलासपुर जिले में केवल 50.30 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान
■ रायपुर जिले में वोट डालने वाली महिलाओं की संख्या 52.26 प्रतिशत
■ कोरबा में 63.77 प्रतिशत
■ सरगुजा में 64 प्रतिशत
■ सूरजपुर में वोट डालने वाली महिलाओं की संख्या 65.02 प्रतिशत रही।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS