तरुणा साहू- डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आ गए हैं। नगर पंचायत लाल बहादुर नगर में भाजपा के देवेन्द्र साहू ने नपं के अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा कर लिया है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस राजकुमार साहू और दो निर्दलीय उम्मीदवार को हराया है। उनकी जीत के बाद से नगर में जश्न शुरू हो गया है। भाजपा कार्यकर्ता एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं। नगर पंचायत बनने के बाद एलबी नगर में यह पहला निकाय चुनाव था।
दरअसल, नगर पंचायत बनने के बाद यह लाल बहादुर नगर में पहला चुनाव था। जिसमें लोगों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया था। नगर में भाजपा- कांग्रेस के अलावा कांग्रेस के ही दो निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में थे। जिसके चलते यहां का मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया था। जिसको देखते हुए मतदाता चुनाव के दौरान तरह- तरह के कयास लगाए जा रहे थे।

एक हजार 192 मतों से जीते देवेन्द्र साहू
निकाय चुनाव के नतीजे आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि, नगर के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी ने जीत का परचम लहराया है। देवेन्द्र साहू एक हजार 187 वोट मिले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी राजू साहू को 788, निर्दलीय प्रत्याशी राकेश सिन्हा को 696 और उषा यदु को 547 वोट मिले हैं। इस प्रकार भाजपा के 8, कांग्रेस के 2 और 5 निर्दलीय पार्षद ने जीत का परचम लहराया है।
NOTA को मिले 20 वोट
एलबी नगर में प्रथम बार हुए निकाय चुनाव में देवेन्द्र साहू एलबी नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बन गए हैं। चुनाव में NOTA को 20 वोट मिले है। चुनाव में कुल 3 हजार 238 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
जीत से पहले ये कहा था प्रत्याशी ने
जीत से पहले हरिभूमि डॉट कॉम से बात करते हुए भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र साहू प्रत्याशी ने कहा था कि, नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त कर 100 बिस्तर का अस्पताल निर्माण करायेंगे। साथ ही नगर के कॉलेज और स्कूलों में शिक्षकों की कमी को भी पूरा किया जाएगा ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार आए। आगे उन्होंने कहा था कि, जो महिलाएं महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित है, उनका नाम पूरी प्राथमिकता के साथ जोड़ेंगे। साथ ही पीएम मोदी के विजन को लेकर नगर के विकास के लिए काम करेंगे।