राजनांदगांव। संत शिरोमणि स्मरणीय 108 आचार्य श्री विद्यासागर जी महामुनि राज का ससंघ मंगल प्रवेश कल रविवार सुबह 8:00 बजे होने जा रहा है। मंगल अगवानी मनसुख लाल पेट्रोल पंप के पास से होगी। दिगंबर जैन समाज और सकल जैन समाज के सभी अनुयाई और राजनांदगांव संस्कारधानी के सभी अहिंसा धर्म के अनुयाई भव्य अगवानी करेंगे। आचार्य श्री के साथ निर्यापक मुनी श्री प्रसाद सागर जी महाराज, मुनी श्री चंद्रप्रभ सागर जी महाराज,मुनी श्री निरामय सागर जी महाराज,सहित वहां से चलकर आचार्य भगवान गंज लाइन दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेंगे।

बता दें कि, राजनांदगांव गंज लाइन में स्थित  1008 भगवान श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर लगभग 125 वर्ष पुराना है। इस मंदिर का जीर्णोद्धार लाल और पीले पत्थरों से किया जाएगा। वहीं कल मंदिर के नवनिर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया जा सकता है। अध्यक्ष अशोक  झांझरी और सचिव रविकांत जैन ने सभी धर्मावलंबियों से और शहरवासियों से आचार्य विद्यासागर महाराज की ससंघ मंगल अगवानी में शामिल का आग्रह किया है। 
 
श्रीराम की मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में निमंत्रण देने अयोध्या से आए 108 कलश 
वहीं राजनांदगांव में शुक्रवार को अयोध्या में श्रीराम लला के मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में लोगों को निमंत्रण देने अयोध्या से आए 108 कलश की शोभायात्रा शहर में बाजे-गाजे और भजन-कीर्तन के बीच निकाली गई। शहर के कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान शहर भर में जय श्री राम की गूंज रही। अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए निमित्त रामदूत देशभर में गांव-गांव और बस्ती-बस्ती जाकर अयोध्या से आए पूजित अक्षत आमंत्रण पत्रक और श्रीराम मंदिर के चित्र को घर-घर पहुंचाने के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं।

गूंजा श्रीराम धुन
बजे-गाजे के साथ निकली इस कलश यात्रा में भजन मंडली ने भगवान श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं बाजे-गाजे में भी श्रीराम धुन गूंज रही थी। जिससे भाव-विभोर होकर भक्त कलश यात्रा के दौरान भक्ति में झूम रहे थे। कलश यात्रा में एक भव्य रथ भी था। जिसमें बच्चे भगवान श्रीराम, लक्षमण और सीता के स्वरूप में विराजित थे।

सिर पर कलश रखने महिलाओं में होड़
महिलाओं में अयोध्या से यहां पहुंचे कलश को ससम्मान सिर पर रखकर कलश यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धा-भक्ति के साथ ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। कलश यात्रा के दौरान सभी महिलाओं ने कुछ-कुछ दूरी तक अपने-अपने सिर पर कलश रखा, जिससे सभी महिलाओं को कलश रखने का अवसर मिल सके। इस दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों की गूंज रही।

हिन्दू संगठन के लोग और बड़ी संख्या में शहरवासी रहे मौजूद 
कलश यात्रा में शामिल महिलाएं-पुरुष पीला-लाल-केसरिया रंग के परिधान में थे। कलश यात्रा शहर के जयस्तंभ चौक जुनीहटरी आजाद चौक मंदिर चौक होते हुए गुरुद्वारा चौक पहुंची। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल सहित हिन्दू संगठन के लोग और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। ध्वज पताका के साथ निकले इस कलश यात्रा को देखने भी लोगों की उत्सुकता रही।