Delhi Crime News: दिल्ली के रणहौला में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल यहां पर बीते दिन शनिवार को एक 70 वर्षीय महिला की दो अज्ञात लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी है। महिला की हत्या के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। वारदात वाली जगह के आसपास कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जिसके चलते पुलिस को जानकारी जुटाने में थोड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। मामले में पुलिस बुजुर्ग महिला के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है।

संपत्ति को लेकर पति से चल रहा था विवाद

पुलिस ने बताया कि पीड़िता वीरवती अपने पति से अलग होने के बाद दिल्ली के रणहौला इलाके में बेटे, बहू और बेटी के साथ रह रही थी। मृतका का पति पूर्व सैनिक है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला का अपने पति से संपत्ति को लेकर विवाद था, पुलिस को ऐसा संदेह है कि व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला है कि वीरवती ने घर से कुछ दूरी पर मवेशी पाल रखे थे। जिनको सुबह-सुबह चारा खिलाने जाती थी, चारा डालने के बाद वो वापस घर आ जाती थी। लेकिन कल वे मवेशी को चारा डालने गई तो वापस नहीं लौटीं। 

घर से कुछ मीटर की दूरी पर की गई हत्या 

मामले के बारे में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला को उसके घर से कुछ मीटर की दूरी पर चाकू मारा गया और उसका गला काट दिया गया। जब उसकी बहू ने महिला को खून से लथपथ देखा और उसे आनन- फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी हॉस्पिटल में भिजवा दिया, पोस्टमार्टम के बाद बॉडी परिवार वालों को सौंप दिया। महिला के हत्या के बाद से बेटे और बहू का रो-रोकर बुरा हाल है।   

ये भी पढ़ें:- Delhi News: कार टकराने पर युवक को पीट-पीटकर किया अधमरा, अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा पीड़ित