Delhi Politics: दिल्ली चुनाव से पहले महिलाओं पर फोकस, AAP वुमन विंग ने 5,000 समूहों के साथ शुरू किया अभियान
आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए सीधा संवाद शुरू किया है। आप की महिला विंग ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में छोटी-छोटी बैठकें आयोजित कर रही है।;

Delhi Politics: आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को साधने के लिए स्पेशल ड्राइव शुरू किया है। आप की महिला विंग दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर छोटे स्तर पर बैठकें आयोजित कर रही है। इन बैठकों के जरिए महिलाओं से सीधे संवाद कर पार्टी की महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
5,000 महिला समूह बनाए गए
आप ने इस अभियान के लिए 5,000 महिला समूहों का गठन किया है। हर समूह में आठ महिलाएं हैं, और सभी समूह को 10 दूसरी महिलाओं से जुड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। ये समूह रोजाना तीन से चार बैठकें आयोजित करते हैं। इन बैठकों में महिलाओं को पार्टी के काम और उनकी जिंदगी पर पड़े सकारात्मक प्रभावों के बारे में बताया जाता है।
महिला योजनाओं पर जोर देने की कोशिश
पार्टी की ओर से बताया गया कि बैठकों में महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, क्वालिटी एजुकेशन और फ्री हेल्थ सर्विस जैसी योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि इन योजनाओं से महिलाओं को हर महीने 5,000 से 10,000 रुपये की बचत होती है, जिसे वे जरूरतों पर खर्च कर सकती हैं।
महिला मतदाताओं का समर्थन है अहम
आप के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि दिल्ली में महिला मतदाता हमेशा पार्टी का मजबूत समर्थन आधार रहे हैं। पार्टी का दावा है कि 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत के पीछे महिलाओं का अहम योगदान रहा है। पार्टी इस समर्थन को बनाए रखने और दोहराने की रणनीति पर काम कर रही है।
इसे भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर लगाया बड़ा आरोप, बोले- 11 हजार वोटर्स का नाम हटवाना चाहती है
महिलाओं की राय होगी खास
पार्टी इन बैठकों में महिलाओं से सुझाव और फीडबैक भी ले रही है। यह फीडबैक पार्टी की रणनीतियों को तैयार करने में मदद करेगा। आप के राज्य संयोजक और दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि महिलाओं को हमारी योजनाओं से सीधे फायदा हुआ है। यह अभियान सुनिश्चित करेगा कि हम महिलाओं की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझ सकें और उनकी अपेक्षाओं पर खरे उतरें।
इसे भी पढ़ें: AAP ने लगाए थे मतदाताओं के नाम काटने के आरोप, BJP ने दिखा दिया आइना!
बीजेपी शासित राज्यों से तुलना
बैठकों में यह भी बताया जा रहा है कि बीजेपी शासित राज्यों में महिलाओं को किस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है और वहां उनके लिए सुविधाओं की कमी है। आप नेता का कहना है कि यह अभियान पार्टी और महिलाओं के बीच भरोसे को और मजबूत करेगा।