बिहार में हत्या कर दिल्ली में छिपा था आरोपी: चचेरी बहन से नजदीकी बढ़ाने वाले का किया था कत्ल, पुलिस ने दबोचा

Delhi Crime News: उत्तरी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने बिहार के सहरसा में हत्या कर दिल्ली के छिपे आरोपी को अरेस्ट किया है। आरोपी का नाम मुकेश कुमार यादव है, जो 22 साल का है। उसने अपने साथियों के संग मिलकर मई के महीने में चचेरी बहन से नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश कर रहे युवक का कत्ल कर दिया था। यह वारदात आरोपी ने चचेरे भाई की शादी वाले दिन अंजाम दी थी।
5 सितंबर को मिली थी आरोपी के छिपे होने की खबर
डीसीपी मनोज कुमार मीना के अनुसार बिहार के सहरसा में 25 मई को मुकेश साहा नामक युवक की हत्या हुई थी। मृतक का आरोपी की चचेरी बहन के साथ प्रेम संबंध था। यह बात लड़की के भाई सन्नी यादव को बर्दाश्त नहीं हुई। उसने मुकेश को मारने की साजिश रची। सन्नी ने अपनी शादी का निमंत्रण पत्र देकर मुकेश को जाल में फंसाया। इसके बाद मुकेश का कत्ल कर दिया गया था। वारदात के बाद आरोपी मुकेश दिल्ली आ गया था। पांच सितंबर को इस केस में वांटेड आरोपी के लाल किला और चांदनी चौक के आसपास छिपे होने की सूचना पुलिस को मिली।
लाल किला क्षेत्र में रिक्शा चला रहा था आरोपी
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसे लाल किले के पास से पकड़ लिया। आरोपी मुकेश कुमार यादव मधुबनी जिले का रहने वाला है। शुरुआती पूछताछ में इसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती के बाद वह टूट गया। उसने बताया कि वारदात में रामानंद, राहुल और चंदन शामिल थे। मुकेश साहा की गला दबाकर हत्या की गई थी। आजकल आरोपी लालकिला व चांदनी चौक क्षेत्र में रिक्शा चला रहा था।
इस मर्डर केस के एक आरोपी रामानंद को स्थानीय पुलिस पहले ही अरेस्ट कर चुकी है। मुकेश कुमार यादव के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर रखा था। आरोपी को तीस हजारी कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इसके साथ ही बिहार पुलिस को भी गिरफ्तारी की सूचना दी गई है।
ये भी पढ़ें:- Delhi Metro: मेट्रो ट्रैक पर कूदकर पटरी पर दौड़ने लगी लड़की, पायलट के हाथ पांव फूले, जानें आगे क्या हुआ?
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS