Logo
आज हम आपको कुछ ऐसे रेस्टोरेंट्स, ढाबों और कैफे के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप न केवल स्वादिष्ट खाने का स्वाद ले पाएंगे बल्कि खाना खाते समय आप खुद को रोमांचित भी महसूस करेंगे।

Amazing Restaurants of Delhi NCR: दिल्ली के लोग जहां खाने-पीने के शौकीन हैं, वहीं रोमांचक सफर पर जाने के लिए भी हमेशा तैयार रहते हैं। यही खूबी दिल्ली के लोगों को सबसे अलग करती है। आज हम इन दोनों विषय पर बात कर रहे हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे रेस्टोरेंट्स, ढाबों और कैफे के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप न केवल स्वादिष्ट खाने का स्वाद ले पाएंगे बल्कि खाना खाते समय आप खुद को रोमांचित भी महसूस करेंगे। आज हम जहां दिल्ली में आसमान पर 360 डिग्री पर घूमते रेस्टोरेंट के बारे में बताएंगे, वहीं ऐसे कैफे के बारे में भी बताएंगे, जिसके आगे चारों तरफ पानी घूमता नजर आएगा। यही नहीं एक ढाबा तो ऐसा है, जहां ट्रेन अपने ग्राहकों को स्वाद के सफर पर ले जाती है। तो देर किस बात, चलिये बताते हैं दिल्ली के हैरतअंगेज रेस्टोरेंट, ढाबों और कैफे के बारे में...

360 डिग्री पर घूमता रेस्टोरेंट (Parikrama The Revolving Restaurant)
Parikrama The Revolving Restaurant
रिवाल्विंग रेस्टोरेंट की परिक्रमा के दौरान लीजिए स्वादिष्ट खाने का स्वाद।

बाराखंभा के केजी मार्ग पर स्थित अंतरिक्ष भवन के टॉप पर द रिवाल्विंग रेस्टोरेंट बना है। यह रेस्टोरेंट 240 फीट की ऊंचाई पर बना है, जिस कारण इसे भारत का सबसे ऊंचा रिवाल्विंग रेस्टोरेंट कहा जाता है। यह 100 सीटर रेस्टोरेंट डेढ़ घंटे में 360 डिग्री का चक्कर पूरा कर लेता है। यह चारों तरफ घूमता रहता है, इसलिए इसे परिक्रमा रेस्टोरेंट भी कहा जाता है। खास बात है कि 33 साल पुराने इस रेस्टोरेंट में यह अद्भूत अनुभव हासिल करने कई सेलिब्रिटीज आ चुके हैं। यहां से पूरा कनॉट प्लेस, लाल किला, राष्ट्रपति भवन समेत आसपास की सभी इमारतों को देख सकते हैं। रात के समय तो यहां का नजारा और भी अद्भूत हो जाता है।

यहां के व्यंजनों की बात करें तो स्वाद ऐसा कि आप अपने हाथों की अंगुलिया भी चाटते रह जाएंगे। अब आप सोच रहे होंगे कि यहां का खाना महंगा होगा, लेकिन परेशान न हों। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा एक हजार रुपये के आसपास है। तो देर किस बात की, दोपहर 12:00 बजे से लेकर रात 12:30 बजे के बीच कभी भी इस रेस्टोरेंट में जाकर यह अद्भूत मजा ले सकते हैं।

आसमान में झूलता रेस्टोरेंट (FlyDining Restaurant Noida)
FlyDining Restaurant Noida
नोएडा में दिलेर लोग ही फ्लाईडायनिंग रेस्टोरेंट के खाने का स्वाद ले सकते हैं।

नोएडा के सेक्टर-38 स्थित गार्डन्स गैलेरिया मॉल में फ्लाईडायनिंग रेस्टोरेंट आपको जमीन से 160 मीटर की ऊंचाई पर ले जाकर व्यंजन परोसता है। यहां आपको ऐसे डायनिंग टेबल पर बैठाया जाता है, जो कि केबल से जुड़ी रहती हैं। झुलते डायनिंग टेबल में खाने का स्वाद लेना कमजोर दिल वाले लोगों के बस की बात नहीं है। अगर आपने इस डायनिंग टेबल पर बैठकर खाना खा लिया तो समझ लीजिए कि आप कुछ भी कर सकते हैं। तो देर किस बात, खुद को आजमाइये और इस झूलती डायनिंग टेबल पर स्वादिष्ट खाने का स्वाद लीजिए। यह रेस्टोरेंट शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता है। यहां का औसत खर्चा करीब 2000 रुपये के आसपास है।

पानी के बीच तैरता रेस्टोरेंट (Antidote Water Bar Cafe)
Antidote Water Bar Cafe
एंटीडॉट वाटर बार कैफे में पानी आपको चारों तरफ से घेरे रखता है।

आपने दिल्ली में 360 डिग्री घूमने वाले रेस्टोरेंट के बारे में जान लिया है, अब आपको ऐसे कैफे के बारे में बताते हैं, जहां पानी आपके चारों तरफ परिक्रमा करता नजर आएगा। ऐसे लगेगा जैसे कि यह कैफे पानी में तैर रहा है। इसका नाम एंडीडॉट वॉटर बार कैफे है। यह सफदरजंग एन्क्लेव में डियर पार्क के सामने स्थित है। यहां सर्विंग टेबल के चारों तरफ पानी बहता रहता है। हल्की रोशनी इसकी सुंदरता को और चार चांद लगाती है।

Also Read: दिल्ली-एनसीआर के टॉप रेस्टोरेंट, जो स्वादिष्ट खाने के साथ मानसून की बारिश का मजा देंगे

यहां का स्वादिष्ट खाना खाते समय आप महसूस करेंगे कि आप दिल्ली में नहीं, किसी सपनों की दुनिया में पहुंच गए हैं। यहां आप उत्तर भारतीय व्यंजनों के साथ ही इटालियन और कॉन्टिनेंटल फूड का भी आनंद ले सकते हैं। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 2000 रुपये के आसपास है। अगर आप भी खाने के साथ रोमांचक स्थान की तलाश में हैं, तो आपको एक बार यहां अवश्य विजिट करना चाहिए।

क्यूट सी ट्रेन आपको स्वाद की दुनिया में ले जाएगी (Resham Dhaba Murthal)
Resham Dhaba Murthal
मुरथल के रेशम ढाबा की यह छोटी ट्रेन आपको स्वाद की दुनिया में ले जाएगी।

मुरथल अपने ढाबों के लिए बेहद फेमस है। दिल्ली के लोग भी हर वीकेंड पर भारी संख्या में मुरथल के परांठे खाने पहुंच जाते हैं। अगर आप भी मुरथल जाते हैं, तो आपको एक बार रेशम ढाबा की भी विजिट करनी चाहिए। दरअसल, यहां खाना परोसने के लिए जो युक्ति लगाई है, वह लोगों को खासी पसंद आती है। यहां डायनिंग टेबल के बीच पटरियां बिछाई गई हैं, जिस पर ट्रेन चलते हुए ग्राहकों को खाना परोसती हैं। इसका कंट्रोल रूम ढाबे के किचन में है, जो विभिन्न ट्रैकों को बदलते हुए ऑर्डर के हिसाब से ग्राहकों तक उनका खाना पहुंचा देती है। विशेषकर बच्चों को यह रोमांच से भर देती है। यहां भी आपको वो तमाम व्यंजन मिल जाएंगे, जो बाकी ढाबों में मिलते हैं। तो जब भी मुरथल जाना हो, तो एक बार यहां के खाने का भी अवश्य स्वाद लेना।

5379487