Delhi Elections: छठ को लेकर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, पूर्वांचल समाज से किया वादा, कुंभ की तर्ज पर मनाया जाएगा महापर्व

Congress Announcement For Delhi Elections: दिल्ली चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के वादों और घोषणाओं का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है। सभी सियासी दल दिल्ली के पूर्वांचल वोटर्स को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए पहले से ही 'आप' और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने एक साथ इन दोनों पार्टियों पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने पूर्वांचल के लोगों को लुभाने के लिए छठ पूजा को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। पार्टी का कहना कि दिल्ली में महाकुंभ के तर्ज पर यमुना के किनारे छठ पूजा मनाया जाएगा। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने पार्टी के दिल्ली कार्यालय में इसकी घोषणा की है।
कुंभ की तर्ज पर मनाया जाएगा छठ पर्व
बिहार और पूर्वी लोगों के लिए छठ बहुत ही विशेष पर्व है, इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस इन वादों से पूर्वांचल वोटर्स पर अपना प्रभाव बना सकती है। अखिलेश सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद दिल्ली में महाकुंभ की तर्ज पर छठ मनाया जाएगा। छठ के लिए यमुना के किनारे स्थान निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इस स्थान पर यमुना के घाट का नाम दिवंगत लोक गायिका शारदा सिन्हा के नाम पर रखा जाएगा।
BJP और AAP पर कांग्रेस का तीखा प्रहार
पूर्वांचल के मुद्दे पर कांग्रेस ने बीजेपी और आप को घेरते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पूर्वांचल के लोगों का अपमान किया और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रोहिंग्याओं और बांग्लादेशी घुसपैठियों से उनकी तुलना की है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी और आप पूर्वांचली मतदाताओं की अनदेखी करके उन्हें सिर्फ वोट बैंक की नजर से देखते हैं। अखिलेश सिंह ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है, तो पूर्वांचल का मुख्यमंत्री भी बनाया जा सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी को बनाने में पूर्वांचल का बड़ा योगदान
कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में दिल्ली का जो विकास हुआ है, उसे आज भी दिल्ली के लोग याद करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली को बनाने में पूर्वांचल के लोगों का बड़ा योगदान रहा है, लेकिन बीजेपी और आप उन्हें केवल वोट बैंक के तौर पर देखते हैं। इसके अलावा उन्होंने कोविड महामारी के समय की बात करते हुए कहा कि उस बात को कोई भूल नहीं पाया है, जब कोरोना के समय पूर्वांचल के लोगों को प्रताड़ित करने की कोशिश की गई थी।
ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल का BJP पर हमला: प्रवेश वर्मा बांट रहे चादर, क्या चुनाव आयोग भी भाजपा के सामने बेबस है?
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS