Delhi: दिल्ली सरकार ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले राजधानी के छह शहीद जवानों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की है। इस प्रस्ताव को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मंजूरी दे दी है। इस संबंध में दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली सरकार सेना, पुलिस, पैरामिलिट्री, दिल्ली सिविल डिफेंस, होम गार्ड के जवानों की बहादुरी का सम्मान करती है। दिल्ली सरकार इन जवानों के जज्बे को सलाम करती है।

राजस्व मंत्री आतिशी ने आगे कहा कि दिल्ली में सरकार बनते ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवाने वाले शहीदों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देना का ऐलान किया था। जिससे शहीदों के परिवारों को जीवन जीने में थोड़ी मदद मिले सके, क्योंकि कोई भी राशि शहीदों के परिवारों के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती।

इन छह शहीदों के परिवारों को मिलेगी सम्मान राशि

दिल्ली सरकार ने जिन छह शहीदों के परिवारों को सम्मान राशि देने की घोषणा की है, उसमें भारतीय सेना के दो जवान, दिल्ली पुलिस के दो जवान, दिल्ली सिविल डिफेंस का एक जवान और दिल्ली फायर सर्विसेज का एक जवान शामिल है।

बता दें कि सरकार शहीद सम्मान योजना के तहत दिल्ली का निवासी या दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात उन सभी वर्दीधारियों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देती है, जो ड्यूटी के दौरान बहादुरी दिखाते हुए शहीद हुए।

एएसआई ओम प्रकाश और एएसआई राधे श्याम, दिल्ली पुलिस

दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन में एएसआई ओम प्रकाश तैनात थे। वह घटना के दिन वो सी-लाल चौक पर पिकेट ड्यूटी पर थे। इस दौरान मोटरसाइकिल सवारों ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके बाद सिर में गंभीर चोट लगने के कारण कुछ समय तक इलाज चलने के बाद वो शहीद हो गए। वहीं, बुराड़ी सर्कल में दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक पुलिस यूनिट में तैनात एएसआई राधे श्याम की भी एक्सीडेंट के चलते मौत हो गई थी।

मेजर रघुनाथ और कैप्टन जयंत जोशी, भारतीय सेना

मेजर रघुनाथ दिल्ली के द्वारका के निवासी थे। वह भारतीय सेना की तीसरी बटालियन, पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेज) में तैनात थे। 5 मई, 2022 को जम्मू-कश्मीर में उनके द्वारा एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। मौसम खराब, घने कोहरे और बारिश से हालात बिगड़ गए और इस दौरान मेजर फिसलकर सलामाबाद नाले में गिर गए, जिसमें उन्हें गंभीर चोट लगी। इसके बाद वह फिर शहीद हो गए।

कैप्टन जयंत जोशी भारतीय सेना की 254 आर्मी एवन स्क्वाड्रन (एएलएच) में तैनात थे। वह दिल्ली द्वारका के निवासी थे। 03 अगस्त, 2021 को कैप्टन जयंत जोशी का एक अभ्यास अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर लैंडिंग दुर्घटनाग्रस्त होकर पठानकोट के रंजीत सागर बांध में गिर गया और उस दुर्घटना में कैप्टन जयंत जोशी शहीद हो गए।

पुनीत गुप्ता, दिल्ली सिविल डिफेंस

दिल्ली सिविल डिफेंस कर्मी पुनीत गुप्ता परिवहन विभाग में तैनात थे। वह पांडव नगर के निवासी थे। घटना के दिन फील्ड ड्यूटी के दौरान उन्हें एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें उनकी मौत हो गई।

प्रवीण कुमार, फायर ऑपरेटर

प्रवीण कुमार भोरगढ़ फायर स्टेशन में तैनात थे। वह आग बुझाने के अभियान के दौरान कई अग्निशमन कर्मी के समेत झुलस गए। इलाज के दौरान प्रवीण कुमार शहीद हो गए।