गर्मी की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में रिजर्व सीट पाना आसान नहीं रह गया है। केवल स्लीपर में ही नहीं बल्कि एसी कोच में भी लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में विशेषकर बच्चों का मायूस होना लाजमी है। अगर आपने अभी तक बाहर जाने का प्लान नहीं बनाया है, तो आपको इसी तरह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं। लेकिन, हम आपके लिए एक खास खबर लेकर आए हैं, जिससे न केवल आप लद्दाख और गोवा जैसी मस्ती कर पाएंगे बल्कि ट्रेन की जगह हवाई यात्रा का भी आनंद मिलेगा। जानिये ऐसी विदेशी जगह, जहां लद्दाख और गोवा से भी सस्ता है हवाई किराया...

दिल्ली से नेपाल का किराया सबसे कम

भारत के पड़ोसी देश नेपाल से दिल्ली के लिए कई फ्लाइट्स हैं। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आपको माउंट एवरेस्ट जैसा नजारा देखने को मिलेगा। यहां पर्यटक ट्रैकिंग का भी आनंद लेते हैं। इसके अलावा कई प्राचीन हिंदू मंदिर और बौद्धों का बौद्ध नाथ और स्वंभूनाथ समेत कई धार्मिक स्थल हैं। इसके अलावा यहां का पारंपरिक स्वादिष्ट भोजन भी पर्यटकों को खासा पसंद आता है। काठमांडू के आसपास भी कई पर्यटक स्थल हैं। दिल्ली से काठमांडू तक के हवाई किराये की बात करें तो 4300 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक है।

नेपाल का पशुपति नाथ मंदिर बेहद प्रसिद्ध।

दिल्ली से बांग्लादेश का हवाई किराया बेहद सस्ता

सस्ती विदेशी लोकेशन की सूची में बांग्लादेश दूसरे नंबर पर है। यह देश हरियाली से घिरा है। विशेषकर कपल्स को हनीमून के लिए बांग्लादेश आना बेहद पसंद है। राजधानी ढाका के राष्ट्रीय संसद भवन के साथ ही अत्याधुनिक बंशुधरा सिटी भी देखने लायक है। यहां दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा शॉपिंग मॉल है। इसके अलावा, 17वीं सदी का लालबाग किला और बंगाली संस्कृति के साथ ही कई प्रसिद्ध मंदिर, मस्जिद और संग्रहालय है। ढाका के पास भी कई ऐसी लोकेशन हैं, जहां से भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। दिल्ली से ढाका तक का हवाई किराया 5500 से लेकर 6000 रुपये के आसपास है। ऐसे में आप बांग्लादेश भी घूमने जा सकते हैं।

बांग्लादेश अपने ऐतिहासिक स्थलों के लिए प्रसिद्ध।

दिल्ली से श्रीलंका का हवाई किराया कितना?

श्रीलंका ऐसा तीसरा देश है, जहां से दिल्ली का हवाई किराया बेहद कम है। दिल्ली से कोलंबो का किराया 9000 के आसपास है। कोलंबो के साथ श्रीलंका के अन्य शहरों में भी कई प्रसिद्ध मंदिर और पर्यटक स्थल हैं। यह देश अपनी परंपरा और खाने पीने के लिए बेहद प्रसिद्ध है। अगर आप परिवार के साथ श्रीलंका जाएंगे तो न केवल मस्ती करेंगे बल्कि रामायण काल से जुड़े इतिहास से भी रूबरू होंगे। ऐसे में आपको एक बार श्रीलंका की यात्रा पर अवश्य जाना चाहिए।

श्रीलंका में पर्यटक स्थलों की भरमार।

किराये के लिहाज से वियतनाम चौथा सस्ता देश

वियतनाम की बात करें तो यह दिल्ली से हवाई यात्रा किराये के मामले में चौथा सस्ता देश है। वियतनाम में रमणीय द्वीपों और राष्ट्रीय उद्यानों के साथ ही कई ऐतिहासिक स्थल हैं। इस देश में कई शहर अपने तटीय इलाकों की वजह से और कई शहर अपनी विरासत को लेकर पर्यटकों में बेहद लोकप्रिय हैं। कहा जाता है कि अगर एक बार वियतनाम नहीं गए तो मतलब है कि आपने फॉरेन टूर में एक महत्वपूर्ण डेस्टीनेशन को मिस कर दिया है। दिल्ली से वियतनाम की राजधानी हनोई का किराया 10000 के आसपास है।

वियतनाम की प्रसिद्ध लेक।

सिंगापुर जाने का भी कर सकते हैं प्लान

अगर आपका बजट ज्यादा है, तो आप सिंगापुर जाने का भी प्लान कर सकते हैं। दिल्ली से सिंगापुर का किराया 14000 के आसपास है। खास बात है कि सिंगापुर का सैनटोसा द्वीप पर्यटक स्थलों में पहले नंबर पर है। यहां यात्रा का बेहतर समय जून से अगस्त के बीच बताया गया है। चूंकि आप भी भीषण गर्मी से परेशान हैं, तो यहां भी आप खुले वातावरण में प्रकृति का आनंद महसूस करेंगे। यहां 30 से ज्यादा पर्यटक स्थल हैं, जहां हर वक्त पर्यटकों की आवाजाही रहती है।

सिंगापुर में मौज मस्ती करने की कई लोकेशन।

लद्दाख और गोवा से विदेशी जगहों का किराया कैसे कम

अब आप सोच रहे होंगे कि लद्दाख और गोवा से ये विदेशी लोकेशन सस्ती कैसे हैं। बता दें कि दिल्ली से लद्दाख का हवाई किराया 9000 से 14000 के बीच है, वहीं गोवा की बात करें तो 5000 से 10000 हजार तक की हवाई टिकट है। ऐसे में आप इससे कम बजट में विदेशी यात्रा के साथ ही हवाई यात्रा का भी आनंद ले सकते हैं। तो देरी किस बात की, तुरंत टिकट बुक करा लीजिए ताकि ये गर्मी की छुट्टियां बोरिंग न रहे