Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के घर पर पहुंची है। पुलिस अधिकारी आम आदमी पार्टी की तरफ से बीजेपी (BJP) पर आप (AAP) विधायकों को खरीदने की कोशिश के आरोप के सिलसिले में नोटिस देने पहुंचे हैं।

वहीं, इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर वह (बीजेपी) चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में गड़बड़ी कर सकती है, तो विधानसभा और लोकसभा चुनावों में किसी भी हद तक जा सकती है।

अब इस संबंध में दिल्‍ली पुलिस ने इन आरोपों पर मुख्यमंत्री केजरीवाल से सबूत देने को कहा है। अरविंद केजरीवाल ने ये बयान बीजेपी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिया था।

सीएम केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सबसे बड़ी पार्टी चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट चोरी करते हुए कैमरे पर नजर आई। चंडीगढ़ में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए मंगलवार यानी 30 जनवरी को चुनाव हुआ था, जिसमें BJP ने कांग्रेस-AAP के गठबंधन को हराकर सभी पदों पर जीत हासिल की थी।

सत्ता के लिए देश को बेच सकते हैं- केजरीवाल

उन्होंने आरोप लगाया था कि पिछले कुछ सालों में हमने सुना था कि BJP चुनावों में गड़बड़ी करती है। वे EVM से छेड़छाड़ करते हैं, मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाते हैं, लेकिन कभी कोई सबूत नहीं मिला। वे चंडीगढ़ में वोट चुराते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर वे चंडीगढ़ मेयर चुनाव में ऐसी अनियमितताएं कर सकते हैं, तो वे लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सोचिए क्या कर सकते हैं। वे सत्ता के लिए देश को बेच सकते हैं, लेकिन हम उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। हमें लोकतंत्र और देश को बचाना है।