Delhi Health Budget: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बीजेपी सरकार का पहला बजट पेश किया। इसमें सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने बताया कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं पर खास ध्यान दिया गया है। सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 6874 करोड़ रुपए का बजट रखा है। इसमें सभी वर्गों के लोगों का ध्यान रखा गया है। इस बजट में आयुष्मान योजना को लेकर भी सीएम रेखा गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है।
दिल्ली में स्वास्थ्य पर खर्च होंगे 6874 करोड़
साल 2025-26 के लिए दिल्ली का बजट एक लाख करोड़ रुपए रखा गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं पर कुल 6,874 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इनमें से दिल्ली के 10 से 12 निर्माणाधीन अस्पतालों के 1 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, जिससे उनका सुधार किया जा सके। इसके अलावा आरोग्य आयुष मंदिर के लिए 320 करोड़ का बजट रखा गया है।
साथ ही 1,666 करोड़ रुपए ABHIM और डिजिटल सिस्टम के लिए, 147 करोड़ प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजीवाई) के लिए खर्च किया जाएगा। सीएम ने कहा कि दिल्ली के कई अस्पतालों में छोटी-छोटी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने स्वास्थ्य के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन जनता को कई फायदा नहीं हुआ। सीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस
दिल्ली की सीएम ने ऐलान किया कि दिल्लीवासियों को 10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस दिया जाएगा। इसके लिए सरकार सरकार ने 2144 करोड़ रुपए का बजट तय किया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता के लिए केंद्र सरकार की ओर से 5 लाख और दिल्ली सरकार की ओर से भी 5 लाख रुपए का अतिरिक्त मिलेंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू नहीं होने दी, क्योंकि उसमें अरविंद केजरीवाल का नाम डालना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी का सरकार जल्द ही दिल्ली में इस योजना को लागू करेगी।
ये भी पढ़ें: Yashwant Verma Controversy: न्यायिक जिम्मेदारियों से हटाए गए यशवंत वर्मा, महाभियोग का प्रस्ताव लाने की तैयारी