Congress Nyay Sankalp Sammelan Rally: आगामी तीन फरवरी को गीता कॉलोनी में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली का नाम अब बदल दिया गया है। बुधवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने सम्मेलन को लेकर एक प्रेसवार्ता आयोजित की। पत्रकारों को संबोधित करते हुए लवली ने कहा कि अब 3 फरवरी को पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस न्याय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन करेगी, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।

सभी संसदीय क्षेत्रों में हो रही बैठकें

उन्होंने कहा कि सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस ने व्यापक स्तर पर सातों संसदीय क्षेत्रों में बैठकें की हैं। दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है, जो आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा सरकार को उखाड़ देगा। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अभूतपूर्व सफलता से गदगद कांग्रेस ने न्याय संकल्प सम्मेलन करने का निर्णय किया है, जिसकी शुरुआत पूर्वी दिल्ली स्थित गीता कालोनी में 3 फरवरी के सम्मेलन से होने जा रही है।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे संबोधित

दिल्ली के सातों संसदीय क्षेत्रों में बूथ स्तर पर कांग्रेस का संगठन मजबूती से लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। लवली ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव केसी वेनुगोपाल, गठबंधन समन्वय समिति के संयोजक मुकुल वासनिक, दिल्ली के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया सहित सभी अन्य नेता संबोधित करंगे।

लवली ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आज न केवल लोकतंत्र की हत्या हो रही है, बल्कि जिस तरीके से चंडीगढ़ निगम के मेयर चुनाव में सरेआम गुंडागर्दी हुई उसे जनता ने देखा है, पूरा देश स्तब्ध है। इसलिए लोकतंत्र की रक्षा व जनहित में कांग्रेस पार्टी यह न्याय संकल्प सम्मेलन कर रही है।

सड़कों पर भी उतरेंगे और आंदोलन भी करेंगे

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर भी उतरेंगे और आंदोलन भी करेंगे। लोकतांत्रिक तरीके से पार्टी ने समय-समय पर अत्याचार के खिलाफ मुखर होकर अपनी बात कही है। जिस तरीके से आज देश में सरकारी तंत्र के माध्यम से खौफ का माहौल बनाया जा रहा है उससे देश की जनता दुखी है और समय आने पर भाजपा को उसका माकूल जवाब देगी।