Logo
क्राइम ब्रांच टीम ने मर्डर केस में फरार चल रहे एक अपराधी पप्पू यादव को 24 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने बिहार के नालंदा से दबोचा है।

Crime Branch Arrested Criminal Pappu Yadav: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने मर्डर केस में फरार चल रहे एक अपराधी को 24 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 52 वर्षीय पप्पू यादव के तौर पर हुई। वह बिहार के नालंदा का रहने वाला है।

मर्डर केस में पप्पू यादव गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, चार फरवरी 2000 को चंदो यादव ने अपने भाई राम स्वरूप उर्फ मोदी यादव के लापता होने की पुलिस को जानकारी दी थी। राम स्वरूप को आखिरी बार मंटू यादव, विजय यादव व एक अन्य के साथ मटियाला में पप्पू यादव की फैक्ट्री में काम करते देखा गया था।

पप्पू यादव ने बताया था कि राम स्वरूप ने कहीं और काम करने के लिए फैक्ट्री छोड़ दी थी। बाद में राम स्वरूप का क्षत-विक्षत शव पप्पू यादव की फैक्ट्री में प्लास्टिक की थैलियों से बरामद हुआ था। उत्तम नगर थाने में हत्या और सबूत मिटाने की धारा के तहत केस दर्ज किया गया था।

24 साल से था फरार

इस केस में आरोपी मंटू यादव और विजय यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन पप्पू यादव और शौकिंद्र यादव फरार थे। हाल ही में केस में वांछित पप्पू यादव के बारे में पुलिस को जानकारी मिली। इसके बाद उसे नालंदा में उसके गांव के पास खेतों से पकड़ा गया। आरोपी पप्पू यादव ने मगध विश्वविद्यालय से साइंस साइड से स्नातक किया है।

क्या था मामला

साल 2000 में उसने मटियाला गांव में एक पॉलिथीन बनाने की फैक्ट्री लगाई थी। रामस्वरूप यादव और उनके बहनोई भी इसी फैक्ट्री में काम करते थे। उस दौरान पप्पू यादव और रामस्वरूप यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बाद में अपने भाई मोंटू यादव, विजय और शौकिंद्र उर्फ शक्की के साथ मिलकर रामस्वरूप की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी।

5379487