Delhi Bazar : अगर आप भी इस त्योहारी सीजन को घर सजाना चाहते हैं, तो आपको दिल्ली के इन बाजारों की विजिट अवश्य करनी चाहिए। यहां आपको हर चीज आसानी से मिल जाएगी। दिल्ली ऐसा शहर है, जिसने सभी राज्यों की संस्कृति को संजो रखा है। खाना पीना हो, पोशाक हो या फिर घर की सजावट... दिल्ली में कई ऐसे बाजार हैं, जहां जाने पर किसी विशेष राज्य की झलक दिखाई दे जाती है।

चूंकि त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है, लिहाजा आज दिल्ली के ऐसे बाजारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां शॉपिंग करने के लिए राजस्थान से भी लोग पहुंचते हैं। इन बाजारों से आप न केवल घर सज्जा का सामान खरीदकर अपने आशियाने को आलीशान महल जैसा सुंदर बना सकते हैं, बल्कि राजा-रानी की तरह महसूस करने के लिए अन्य सामान की भी खरीदारी कर सकते हैं। तो देर किस बात की, चलिये बताते हैं कि दिल्ली में राजस्थानी चीजें कहां से खरीदी जा सकती हैं।

राजस्थान स्टेट एंपोरियम

यह दिल्ली के कनॉट प्लेस में स्थित है। यहां एंपोरियम 1962 में खुला था। राजस्थान की कलाकृति दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। विदेशी भी राजस्थान की कलाकृतियों के खासे दीवाने हैं। अगर आप भी इस त्योहारी सीजन पर कलाकृतियों या पेटिंग्स से घर को सजाना चाहते हैं, तो यहां आपको पारंपरिक और हाथों से बनी कलाकृतियां और पेटिंग भी मिल जाएंगी।

राजस्थान स्टेट इंपोरियम।

इसके अलावा, राजस्थान अपने पारंपरिक पहनावे के लिए भी पहचाना जाता है। यहां से आप राजस्थानी परिधान भी खरीद सकते हैं। यह शोरुम सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता है। इसके लोकेशन राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से महज 400 मीटर की दूरी पर है।

सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज एंपोरियम

अगर आप राजा महाराजाओं के समय की चीजें खरीदना चाहते हैं, तो आपको जनपथ स्थित सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज एंपोरियम अवश्य जाना चाहिए। यहां से आप परंपरागत कलाकृतियां, पेंटिंग्स, पोशाक और श्रृंगार समेत साज-सज्जा का सामान खरीद सकते हैं। इसके अलावा धातु के बर्तन, पत्थर के बर्तन, आभूषण से लेकर फर्नीचर तक हर तरह की चीजें उपलब्ध हैं।

यहां राजस्थानी फर्नीचर से लेकर तमाम चीजें खरीद सकते हैं।

यहां के स्टोर संचालक मदन लाल का कहना है कि न केवल अन्य राज्यों से लोग आकर राजस्थानी वस्तुएं खरीदते हैं बल्कि विदेशी भी अच्छी खासी संख्या में खरीदारी करते हैं। इसका नजदीकी मेट्रो स्टेशन जनपथ मेट्रो स्टेशन है। यहां कई ऐसी दुकानें भी हैं, जहां आप राजस्थानी खाने का भी स्वाद चख सकते हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली के इन बाजारों में कम पैसों से ज्यादा खरीदारी करें, जान लीजिए लोकेशन 

दिल्ली के इन बाजारों की भी अवश्य विजिट करें 

राजस्थान के साथ अन्य राज्यों की कलाकृतियां और पेंटिग्स के अलावा सजावट की अन्य वस्तुएं खरीदना चाहते हैं, तो आप मालवीय नगर स्थित हौज रानी मार्केट जा सकते हैं। यहां आपको कई राज्यों की खूबसूरत वस्तुएं खरीदने को मिल जाएंगी। इसके अलावा, आप बंजारा मार्केट की भी विजिट कर सकते हैं।

यहां आप आर्ट एंड क्राफ्ट से जुड़े सामान को सस्ते दाम में खरीद सकते हैं। इसके अलावा, यहां परंपरागत डिजाइन वाले फर्नीचर भी आसानी से मिल जाएंगे। खास बात है कि इस मार्केट में आप सेकंड हैंड सामान भी खरीद सकते हैं। अगर आपको एंटिक चीजें पसंद है, तो आप जनपथ मार्केट का भी रूख कर सकते हैं। यहां भी आप कम कीमत पर घर साज सज्जा का बेहतरीन सामान खरीद सकते हैं।