Logo
स्वतंत्रता दिवस में कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में दिल्ली के कुछ रेस्तरां ने भी स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए खास तैयारियां शुरू कर दी हैं। नीचे देखिये सूची...

देशभर में स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दिल्ली के लोग भी इस दिन को बड़े ही उत्साह के साथ सेलिब्रेट करते हैं। चाहे फैमिली के साथ किसी ऐतिहासिक स्थल पर जाने की बात हो या फिर परिवार के साथ मॉल में जाकर फिल्म देखना, दिल्ली वाले पीछे नहीं रहते हैं। यही नहीं, दिल्ली वाले खाने-पीने के भी बेहद शौकीन हैं। यही वजह है कि दिल्ली के कुछ रेस्तरां ने भी स्वतंत्रता दिवस को सेलिब्रेट करने के उद्देश्य से खास तैयारियां की हैं। यहां आप न केवल स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद ले पाएंगे बल्कि देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल को भी महसूस कर पाएंगे। तो चलिये जानते हैं ऐसे रेस्तरां के बारे में, जहां आप इस 15 अगस्त के दिन को खास तरीके से सेलिब्रेट कर सकते हैं।

दरियागंज रेस्टोरेंट: 1947 से परोस रहे व्यंजनों का स्वाद
Daryaganj Restaurant
कनॉट प्लेस के दरियागंज रेस्तरां में चल रही स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां।

दिल्ली के कनॉट प्लेस की रीगल बिल्डिंग में दरियागंज रेस्टोरेंट है, जो कि 1947 से अपने व्यंजनों का स्वाद परोस रहे हैं। स्व. कुंदन लाल जग्गी ने इस रेस्टोरेंट की शुरुआत की थी। स्वतंत्रता दिवस के दिन इस रेस्टोरेंट में खासी तैयारियां की जाती हैं। यहां आप उत्तर भारतीय और मुगलई व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं। यही नहीं, आजादी के वक्त के व्यंजनों को भी उसी स्वाद के साथ आज भी परोसा जाता है। यहां की दाल मखनी का स्वाद चखने के लिए तो दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। यह रेस्तरां दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 1500 के आसपास है।

यूनाइटेड कॉफी हाउस: भारत छोड़ो आंदोलन की दिलाता है याद
United Coffee House
कनॉट प्लेस स्थित यूनाइटेड कॉफी हाउस का दृश्य।

कनॉट प्लेस में राजीव चौक के ई ब्लॉक स्थित यूनाइटेड कॉफी हाउस कैफे कम रेस्तरां बार है। यहां आप मुगलई, यूरोपीय, चाइनीज, कॉन्टिनेंटल के साथ ही उत्तर भारतीय व्यंजनों का स्वाद चख सकते हैं। यह कॉफी हाउस भारत छोड़ो आंदोलन की याद दिलाता है। दरअसल, मशहूर बिजनेसमैन स्व. लाला हंस राज कालरा ने 1942 में इस कॉफी हाउस की स्थापना की थी। यह ऐसी जगह है, जिसने आजादी से पहले और आजादी के बाद से अब तक लोगों को अपने व्यंजनों का दीवाना बना रखा है। अगर आप भी 15 अगस्त का दिन बेहतरीन खाने-पीने से सेलीब्रेट करना चाहते हैं, तो इस जगह को ट्राई कर सकते हैं। यह रेस्तरां सुबह 10 बजे से रात 11:45 बजे तक खुला रहता है। दो लोगों के खाने पीने का औसत खर्चा 4500 के आसपास है।

फ्रीडम कॉर्नर रेस्तरां
Freedom Corner Restaurant
सफदरजंग स्थित फ्रीडम कॉर्नर रेस्तरां।

यह भी ऐसा बेहतरीन रेस्तरां हैं, जहां आप स्वतंत्रता दिवस को सेलिब्रेट कर सकते हैं। इस रेस्तरां की आंतरिक सज्जा आपको किसी स्वर्ग में होने का अहसास दिलाता है। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस को लेकर भी खास मेन्यू तैयार किया जाता है। विशेषकर यह रेस्तरां स्वादिष्ट चाइनीज और तिब्बती व्यंजनों को परोसने में माहिर है। इनकी फिश येलो करी बेहद फेमस है। इसके अलावा मोमोज, समुद्री भोजन और पेय की भी ढेरों वैरायटी हैं, जिन्हे आप ट्राई कर सकते हैं। यह रेस्तरां सफदरजंग के हुमायूंपुर में स्थित है, जो कि सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहता है। यहां दो लोगों के खाने को औसत खर्चा 500 रुपये के आसपास है।

फ्रीडम कोर्टयार्ड रेस्तरां
Freedom Courtyard Restaurant
स्वतंत्रता दिवस पर फ्रीडम कोर्टयार्ड मतलब आजादी के आंगन में लीजिए स्वादिष्ट खाने का स्वाद।

ग्रीन पार्क स्थित यह रेस्तरां अपने नाम के अनुरूप आपको आजादी के आंगन में होने जैसा फील करता है। फ्रीडम कोर्टयार्ड में आप एशियाई, यूरोपियन, मुगलई, फास्ट फूड का आनंद ले सकते हैं। यही नहीं, उत्तर भारतीय व्यंजनों की भी लंबी श्रृंखला है। स्वतंत्रता दिवस के लिए भी इस रेस्तरां ने तैयारियां शुरू कर रखी हैं। आपको इसकी झलक उनके खास मेन्यू में दिख जाएंगी। यह रेस्तरां दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक खुला रहता है। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 1200 रुपये के आसपास है।

फ्रीडम रोस्ट रेस्तरां
Freedom Roast Restaurant
फ्रीडम रोस्ट रेस्तरां भी आजादी के जश्न के लिए हो रह तैयार।

दिल्ली के मायापुरी स्थित फ्रीडम रोस्ट रेस्तरां में आप देशभक्ति से ओतप्रोत संगीत के बीच यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं। खास बात है कि यह रेस्तरां 24 घंटे खुला रहता है। यहां उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय व्यंजनों के अलावा चाइनीज, पंजाबी, अमेरिकन, एशियन, अरबिक और कॉन्टिनेंटल व्यंजनों के अलावा कई तरह के व्यंजनों का स्वाद चख सकते हैं। यहां बार की भी सुविधा उपलब्ध है। अगर आप पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस को सेलिब्रेट करना चाहते हैं, तो इस रेस्तरां को अवश्य ट्राई करना चाहिए। यहां दो लोगों के खाने का औसत खर्चा 1900 रुपये के आसपास है।

ये भी पढ़ें : दिल्ली-एनसीआर के ये रेस्टोरेंट आपको गांव की याद दिला देंगे, स्वाद मिलेगा सुपर से भी ऊपर 

5379487