डकैती और हत्या का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: 12 साल से था फरार...कोर्ट ने कर दिया था भगोड़ा घोषित

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने डकैती और हत्याकांड के मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 12 साल से पुलिस से बचता फिर रहा था।;

Update:2024-11-25 20:05 IST
प्रतीकात्मक तस्वीर।Arrested
  • whatsapp icon

Delhi Crime News: क्राइम ब्रांच ने मंडावली के डकैती और हत्या केस में वांटेड अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए तांत्रिक का वेश धारण कर छिप रहा था। इसे 12 साल पहले भगोड़ा घोषित किया गया था। आरोपी ने 2009 में इस वारदात को अंजाम दिया था। डीसीपी संजय कुमार सेन के अनुसार आरोपी मोहम्मद जमशेद अली को 2012 में अदालत ने भगोड़ा घोषित किया था। इसे उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उसके गृह जनपद से गिरफ्तार किया गया।

ट्रक में लिफ्ट लेकर कर दी थी हत्या

गौरतलब है कि छह जनवरी 2009 को मयूर विहार के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर एक व्यक्ति का शव मिला था। उसका गला घोंटा गया था। बाद में उसकी पहचान निजी परिवहन कंपनी के चालक संतोष यादव के रूप में हुई थी। डीसीपी के अनुसार जांच से पता चला था कि जमशेद और उसके साथियों ने यादव के ट्रक में लिफ्ट लेकर उसकी हत्या की थी। इसके बाद प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर लूटा था।

केस में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। जमशेद 2012 में जमानत मिलने के बाद फरार हो गया था। अधिकारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर भवानीपुर खीरू में जाल बिछाया गया और जमशेद को उस समय पकड़ लिया गया जब वह अपने एक सहयोगी से मिलने पहुंचा था। पूछताछ के दौरान इसने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल की है।

एक अन्य केस में शूटर गिरफ्तार

द्वारका जिले की छावला पुलिस ने काला जठेड़ी गैंग के शूटर को गिरफ्तार किया है। इसका नाम इकबाल उर्फ मिक्कू बताया गया है। बदमाश के पास से हथियार, कारतूस, चोरी की स्कूटी बरामद हुई है। इसके ऊपर कई मामले दर्ज हो चुके थे। इनमें हत्या का प्रयास, एक्सटॉर्शन और आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल थे। पुलिस के अनुसार छावला थाने की टीम को सूचना मिली थी कि शाम के समय पपरावट गांव के क्रिकेट ग्राउंड के पास शातिर बदमाश पहुंचेगा।

 इसके बाद ट्रैप लगा बदमाश का इंतजार किया गया। जैसे ही बदमाश स्कूटी से पहुंचा पुलिस ने उसे सरेंडर करने को कहा। लेकिन उसने काफी दूर तक भागने की कोशिश की। आखिर में लंबे चेज के बाद इसे पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार 2022 में इसने बाबा हरिदास नगर इलाके में एक्सटॉर्शन के लिए बिजनेसमैन के यहां फायरिंग की थी। आरोपी पुलिस टीम पर गोली भी चला चुका है। उस समय इसे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया था। इसी साल जनवरी महीने में वह जेल से बाहर आया था। बरामद स्कूटी रणजीत नगर इलाके से चोरी की मिली।

ये भी पढ़ें:- अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या: दिल्ली पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट, शव को ट्रक में लेकर घूम रहा था

Similar News