दिल्ली की इन सड़कों पर घूमेंगी DEVI: जानें बस का क्या है रूट, कितना होगा किराया?

DEVI Bus Service: दिल्ली में जल्द 'दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरचेंज' यानी देवी का सड़कों पर राज होने वाला है। दिल्ली की नई सरकार दिल्ली में 330 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाने जा रही है। इनमें से गाजीपुर डिपो से 76 बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। मंगलवार को दिल्ली सरकार इन बसों को शुरू करने वाली थी। हालांकि पोप फ्रांसिस के निधन के कारण राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इसके कारण आज इसे स्थगित कर दिया गया है, लेकिन जल्द इन्हें लॉन्च किया जाएगा। ऐसे में लोगों के मन में ये सवाल भी है कि आखिर ये बसें कौन से रूट पर चलेंगी और इसके लिए कितना किराया लगेगा? आइए जानते हैं आपके इस सवाल का जवाब...
शुरुआत में गाजीपुर डिपो से चलाई जाएंगी 76 बसें
अधिकारियों के अनुसार, 76 बसों का पहला जत्था गाजीपुर डिपो से चलाया जाएगा। 'दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरचेंज' यानी DEVI बस सेवा का उद्देश्य है कि मेट्रो स्टेशन और दिल्ली परिवहन निगम के प्रमुख मार्गों के लिए फीडर कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा सके। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती दौर में ये बसें 12 किलोमीटर वाले रूट्स पर चलाई जाएंगी।
इन रूटों पर फर्राटा भरेंगी देवी बसें
- 76 बसों में से 8 बसें आनंद विहार आईएसबीटी टर्मिनल से केशव नगर मुक्ति आश्रम के बीच चलेंगी।
- 6 बसें सीमापुरी से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन मार्ग पर चलेंगी।
- 10 बसें मयूर विहार विहार फेज 3 पेपर मार्केट से मोरी गेट टर्मिनल के बीच दौड़ेंगी।
- 8 बसें आनंद विहार आईएसबीटी टर्मिनल और स्वरूप नगर के बीच फर्राटा भरेंगी।
- 6 बसें आनंद विहार आईएसबीटी से हमदर्द नगर और संगम विहार के बीच चलेंगी।
- 14 बसें आनंद विहार आईएसबीटी से कापसहेड़ा बॉर्डर मार्ग पर चलेंगी।
- आने वाले दिनों में नांगलोई और ईस्ट विनोद नगर के डिपो में भी देवी बसों का परिचालन शुरू किया जा सकता है।
कितना होगा देवी का किराया?
इस बसों के किराए की बात करें, तो वर्तमान में एसी बसों की तरह इन बसों का किराया 10 रुपए से 25 रुपए के बीच रह सकता है। प्रत्येक बस में महिलाओं के लिए 6 सीटें आरक्षित की गई हैं। वहीं दिल्ली सरकार के पिंक पास योजना के तहत इन बसों में महिलाओं को मुफ्त बस सेवा का लाभ मिलेगा। आने वाले समय में दिल्ली सरकार दिल्ली की महिलाओं के लिए कार्ड लॉन्च करने वाली है, जिसके बाद पिंक पास खत्म हो जाएगा और मात्र दिल्ली की महिलाएं ही इस योजना का लाभ ले पाएंगी।
ये भी पढ़ें: DEVI Electric Buses: दिल्ली में नई बस सेवा जल्द होगी शुरू, देवी के तहत 330 इलेक्ट्रिक बसों का होगा संचालन
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS