Delhi Fire: दिल्ली के जेएनयू के पास मोतीलाल नेहरू कैंप की झुग्गियों में आज शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस आग की घटना में तीन लोग झुलस गए, जिसमें एक 43 वर्षीय व्यक्ति और उसके दो बेटे शामिल हैं। आग लगते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। इसके अलावा घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मोतीलाल नेहरू कैंप की झुग्गियों में लगी आग

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, मोतीलाल नेहरू कैंप की झुग्गियों में आग लगने में मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तीन लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए। हालांकि, आग लगने के कारणों को कुछ पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, आज शनिवार को दोपहर को मोतीलाल नेहरू कैंप की झुग्गियों में लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पाते ही दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इसके साथ ही आग के लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली के शाहदरा में लगी आग: घर का मेन दरावाजा नहीं खोल पाए मां-बेटा, हुई दर्दनाक मौत, पिता और बड़ा बेटा लड़ रहे जिंदगी की जंग

बता दें कि दिल्ली के शाहदरा इलाके में बीते दिन शुक्रवार यानी 18 अक्टूबर की सुबह एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। इस हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई। वहीं, परिवार के दो लोग बुरी तरह झुलस गए।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा भोलानाथ नगर की गली नंबर-11 के एक मकान में हुआ। यहां मनीष गुप्ता (45) अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर में सुबह 5:50 बजे आग लग गई। इसकी सूचना तुरंत पास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर की 6 गाड़ियों ने आग पर कई घंटों की मशक्कत के बाद काबू पाया।