Delhi Firing: राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। दिल्ली में कहीं खुलेआम फायरिंग कर रंगदारी की मांग  की जा रही है तो कहीं फायरिंग कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके से सामने आया है। जहां बेखौफ बदमाशों ने एक व्यापारी को गोली मार कर लाखों रुपये की लूट का अंजाम दिया है। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नांगलोई में व्यापारी को मारी गोली

दरअसल, नांगलोई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक व्यापारी को गोली मार कर लाखों रुपये की गई। इस वारदात को बाइक सवार दो बदमाशों ने अंजाम दिया है। घटना नांगलोई पेट्रोल पंप पर हुई है। व्यापारी ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी और लाखों रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

लाखों रुपये की लूट कर हुए फरार

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि रविवार रात को फायरिंग कर लूटपाट की कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि नांगलोई पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की गई और उसे गोली भी लगी है। सूचना पाते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर जांच कर ली है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए पेट्रोल पंप और आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायल व्यापारी का इलाज चल रहा है उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, व्यापारी का चीनी होलसेल का काम है। बदमाश पहले से ही उनका पीछा कर रहे थे। पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस दौरान आरोपियों ने व्यापारी को दो गोली भी मारी है।