Logo
दिल्ली के पास मुरथल का एक ढाबा ऐसे ऑफर लेकर आया है, जहां आप एक पराठा खाकर लखपति बन सकते हैं। जानिये कहां और कैसे...

दिल्ली से चंडीगढ़ जाते समय सोनीपत के पास मुरथल गांव है, जो कि अपने फेमस रेस्टोरेंट्स और ढाबों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। विशेषकर यह जगह स्वादिष्ट पराठों के लिए जानी जाती है। अगर किसी को दिल्ली से चंडीगढ़ जाना होता है, तो इस जगह पर अवश्य रुकते हैं ताकि पराठों का स्वाद लेकर ही आगे का सफर करें। यही नहीं, वीकेंड पर तो दिल्ली वाले सिर्फ पराठे खाने के लिए ही मुरथल तक की यात्रा का प्लान बना लेते हैं।

मुरथल स्थित अमरीक सुखदेव ढाबा जहां सफेद मक्खन वाले पराठों के लिए फेमस है, वहीं अन्य रेस्टोरेंट्स और ढाबा संचालक भी पराठों के शौकीन लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए अनूठे प्रयोग कर रहे हैं। इनमें एक ढाबा तो ऐसा है, जिसने देश के सबसे बड़ा पराठा परोसने का दावा ठोक दिया है। दावा यह भी है कि अगर किसी ने 15 मिनट में यह पूरा पराठा खा लिया तो उसे एक लाख रुपये इनाम के तौर पर दिए जाएंगे। तो चलिये बिना देर किए इस ढाबे के बारे में बताते हैं।

मुरथल का रॉयल होशियारी ढाबा

रॉयल होशियारी ढाबा मुरथल के बेस्ट ढाबों में शुमार है। यहां आपको शाकाहारी व्यंजन की कई स्वादिष्ट वैरायटी खाने को मिल जाएंगी। लेकिन, यहां का पराठा बेहद अद्भूत है। क्या आपने कभी तीन किलो का पराठा सुना है। अगर नहीं तो आपको इस ढाबे में अवश्य आना चाहिए। यहां दो फुट का पराठा परोसा जाता है।

ढाबा संचालक नवीन मलिक बताते हैं कि स्वादिष्ठ पराठे परोसने वाले ढाबों में अलग दिखने के लिए सबसे बड़ा पराठा परोसने का निर्णय लिया था। अगर अकेले यह पूरा पराठा 15 मिनट में खा ले, तो इनाम के रूप में एक लाख रुपये देंगे।  उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों से लोगों ने हमारी चुनौती को स्वीकार किया, लेकिन कभी भी 15 मिनट में पूरा पराठा नहीं खा सके।

तो ऐसा क्या मिलाते हो पराठे में

अब सवाल उठता है कि आखिर इस पराठे में क्या मिलाते हो, जिसे कोई भी अकेला पूरा नहीं खा सका है। नवीन मलिक बताते हैं कि हमारा पराठा भी चक्की के आटे से बनता है। ऑर्गेनिक सब्जियों की स्टफिंग कर पराठे को देसी घी से सेका जाता है। उन्होंने कहा कि हम पराठे में पूरा प्यार डालते हैं, हमें भी इंतजार है कि ऐसा दिन आए कोई इस पराठे को 15 मिनट में पूरा खाकर 1 लाख का इनाम जीत ले। तो फिर अब आप क्या सोच रहे हैं, इस वीकेंड पर इस ढाबे में पहुंच जाइये और ट्राई कर लीजिए देश के सबसे बड़े पराठे का स्वाद और जीत लीजिए एक लाख का ईनाम।

ये भी पढ़ें: दिल्ली के बेहतरीन ढाबे, जिनके आगे मुरथल के ढाबों का स्वाद फीका; एक बार अवश्य ट्राई करें

 

5379487